
मेहरानगढ़ किले से गिरे पत्थर से मचा हडक़ंप, मकान की छत की पट्टियां और दीवार में आई दरारें
जोधपुर. मेहरानगढ़ की तलहटी में अंडरग्राउण्ड पानी की टंकी के निर्माण के दौरान रविवार सुबह एक पत्थर ढलान पर लुढक़ते हुए तलहटी के नीचे एक मकान की छत पर जा गिरा। इससे मकान की पट्टियों और दीवारों में दरार आ गई। गनीमत रही कि उस समय मकान की छत पर कोई नहीं था। मेहरानगढ़ में आने वाले देसी-विदेशी पर्यटकों के लिए कई दिनों से निर्माणाधीन अंडरग्राउण्ड पानी की टंकी का कार्य इन दिनों अंतिम चरण में है।
फिनिशिंग के दौरान करीब एक फुट का पत्थर खिसक कर तलहटी में जा गिरा। हादसे की सूचना के बाद सिटी पुलिस थाना के कांस्टेबल मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के निदेशक करणीसिंह जसोल और सुरक्षकर्मी भी मौके पर पहुंचे। मकान मालिक अब्दुल नवाब ने बताया कि पत्थर गिरने से घर की दीवारों और दो पट्टियों में दरारें आई हैं। इस सम्बंध में फिलहाल पुलिस में कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है।
मकान की मरम्मत करा दी जाएगी
पानी की टंकी के फिनिशिंग का काम चल रहा है। वहां सुरक्षा के लिए लोहे की टिन शेड लगे हुए हैं। लेकिन ढलान के कारण करीब एक फीट आकार का पत्थर खिसक कर लायकान तलहटी में एक मकान की छत पर जा गिरा। मकान को जो भी नुकसान हुआ है उसकी मरम्मत करा दी जाएगी।
करणीसिंह जसोल, निदेशक मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट
Published on:
09 Dec 2019 11:11 am
