
हादसे का फोटो: पत्रिका
Rajasthan Road Accident: राजस्थान के जोधपुर शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में जिम से घर लौट रहे युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि युवक की स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। स्कूटी सीधे पत्थरों से भरे ट्रक के पीछे जा से टकरा गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों को हादसे की खबर लगते ही परिवार में मातम छा गया। हादसे के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार हादसा हाईकोर्ट के पास झालामंड स्थित मोती मार्केट पुल पर रात करीब 8:30 बजे हुआ। मृतक की पहचान हनुमान नगर, झालामंड चौराहा निवासी दिव्यांशु प्रजापत पुत्र कुलदीप प्रजापत के रूप में हुई है। दिव्यांशु स्कूल का छात्र था और रोज की तरह गुरुवार रात भी जिम से स्कूटी पर अपने घर लौट रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने चल रहे पत्थरों से भरे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे आ रहा दिव्यांशु अपनी स्कूटी पर नियंत्रण नहीं रख सका और तेज रफ्तार के कारण स्कूटी सीधे ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। दिव्यांशु गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर हादसे की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के कारण ये हादसा हुआ। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आसपास के लोगों और रिश्तेदारों ने परिवार को ढांढस बंधाया। दिव्यांशु को जानने वाले लोगों ने बताया कि वह शांत स्वभाव का छात्र था और पढ़ाई के साथ अपनी फिटनेस का भी ध्यान रखता था। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है।
Updated on:
22 May 2026 02:09 pm
Published on:
22 May 2026 02:08 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
