
भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर क्षतिग्रस्त पिकअप: फोटो पत्रिका
Jodhpur Road Accident : जोधपुर। जिले के बालेसर थाना क्षेत्र के जियाबेरी सरहद में भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आगे चल रही एक पिकअप गाड़ी को पीछे से तेज रफ्तार दूसरी पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आगे चल रही गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बालेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बालेसर सीएचसी में रखवाया गया।
जानकारी के अनुसार दोनों पिकअप हिसार से सांचौर जा रही थीं। एक पिकअप में कृषि यंत्र भरे हुए थे, जबकि दूसरी पिकअप में लॉकर रखे हुए थे। इसी दौरान भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर आगोलाई के पास पीछे चल रही पिकअप ने आगे वाली गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि कृषि यंत्रों से भरी पिकअप का केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पिकअप में रणजीत सिंह और रेशम सिंह सवार थे। हादसे के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों के शव पिकअप के केबिन में बुरी तरह फंस गए थे। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर बालेसर थानाधिकारी मूलसिंह भाटी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने क्रेन को मौके पर बुलाकर केबिन में फंसे दोनों के शव बाहर निकाले। इसके बाद शवों को कब्जे में लेकर बालेसर सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस चालक रणवीर सिंह, छोटू सिंह एवं दमाराम मेघवाल मौके पर पहुंचे और घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं आगोलाई चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का मुख्य कारण हो सकता है। मामले की जांच जारी है।
Published on:
22 May 2026 02:17 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
