
छात्र नेता ने छात्रों के साथ बिना अनुमति रैली निकाली, जबरन विवि में घुसे
जोधपुर।
जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के नए परिसर में बगैर अनुमति वाहन रैली निकालना और जबरन विवि परिसर में घुसना छात्र नेता व कुछ छात्रों को भारी पड़ गया। भगत की कोठी थाना पुलिस ने छात्र नेता सहित 12 छात्रों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की।
पुलिस के अनुसार एएसआइ नारायणसिंह की ओर से छात्र नेता महेन्द्र चौधरी, पोकरराम, महेन्द्र पुत्र राजूराम, गोविंद, अनिल, ओगड़राम, हजारी चौधरी, राकेश, रविन्द्र, दिनेश, हरि व रमेश गोदारा के खिलाफ बगैर अनुमति वाहन रैली निकालने, राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है।
दरअसल, छात्र नेता महेन्द्र चौधरी के समर्थन में अनेक वाहनों पर सवार डेढ़ सौ दो सौ छात्र विवि के नए परिसर पहुंचे, जहां मुख्य गेट पर तैनात पुलिस ने उन्हें रोक लिया। छात्रों ने प्रचार-प्रसाद के लिए रैली निकालने की जानकारी दी। इस संबंध में उनके पास अनुमति नहीं थी। पुलिस ने उन्हें रैली न निकालने का आग्रह किया, लेकिन छात्र नहीं मानें और जबरन विवि का मुख्य गेट खुलवाकर अंदर प्रवेश कर गए। छात्र रैली के रूप में विवि परिसर में विवेकानंद मूर्ति तक पहुंच गए, जहां सभी जमा हो गए। सीआरपीसी की धारा 144 की अवहेलना करने लगे। पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और समझाइश की, लेकिन छात्र नहीं मानें। बाद में सभी छात्र वाहनों में सवार होकर रैली के रूप में जबरन मुख्य गेट खुलवाकर विवि के वीसी कार्यालय की तरफ निकल गए।
Published on:
28 Jul 2023 01:04 am
