
मारवाड़ में गर्मी की दस्तक!
जोधपुर. आधा फाल्गुन आने से पहले ही गर्मी ने मारवाड़ में दस्तक दे दी है। बाड़मेर में सोमवार को पारा 35 डिग्री को पार कर गया। जोधपुर में अधिकतम तापमान 34 और जैसलमेर में 33 डिग्री के पास पहुंच गया। दोपहर में तो कई जगह पंखे तक चलाने पड़े। उधर माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री रहने से रात में कड़ाके की सर्दी रही। मौसम विभाग ने अगले दो दिन बादलों की आवाजाही का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
सूर्यनगरी में सोमवार को न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह हल्की सर्दी थी, लेकिन सुबह 9 बजे से तीखी धूप में सर्दी छूमंतर हो गई। दोपहर होते-होते पारा 33.7 डिग्री पर आ गया। शाम ढलने के बाद भी मौसम सामान्य बना रहा। रात में तापमान कम होने से जरूर गुलाबी ठंड का अहसास हुआ।
बाड़मेर में रात का पारा 15 डिग्री पार
बाड़मेर में दिन के साथ रात में भी सर्दी लगभग गायब रही। वहां रात में पारा 15.3 डिग्री पर पहुंच गया। खुली धूप के कारण पारा तेजी से ऊपर चढऩे लगा और दोपहर में 35.3 डिग्री तक पहुंच गया। जैसलमेर में रात में तापमान 13.4 व दिन में 32.8 डिग्री रहा।
Published on:
17 Feb 2020 07:41 pm
