
जोधपुर में अवैध बजरी से भरे दस डम्पर जब्त
जोधपुर.
रोक के बावजूद बजरी का अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है। लम्बे अर्से बाद महामंदिर थाना पुलिस ने रात्रिगश्त के दौरान खेतसिंह बंगले के पास बजरी से भरे दस डम्पर जब्त किए। अग्रिम कार्रवाई के लिए परिवहन व खनिज विभाग को सूचित किया गया।
सहायक पुलिस आयुक्त (पूर्व) दरजाराम बोस ने बताया कि बजरी के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई के आदेश के चलते थानाधिकारी लेखराज सिहाग के निर्देशन में पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान मंगलवार तड़के चार बजे खेतसिंह बंगला के पास नाकाबंदी की। इस दौरान वहां आए बजरी से भरे दस डम्पर रोके गए। सभी के चालकों से बजरी खनन व परिवहन के संबंध में वैध रवन्ना व अन्य दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी चालक दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। एेसे में बजरी से भरे दस डम्पर को सीआरपीसी की धारा २०७ के तहत जब्त किए गए। सभी डम्पर को पुलिस लाइन परिसर में खड़े करवा दिए गए। थानाधिकारी लेखराज सिहाग का कहना है कि कोई वैध दस्तावेज न होने पर बजरी से भरे दस डम्पर जब्त करने के साथ ही परिवहन व खनिज विभाग को सूचना दी गई है। फिलहाल किसी विभाग ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।
रात अंधेरे में तेज रफ्तार से निकलते हैं ओवरलोड डम्पर
बजरी के खनन पर रोक है। इसके बावजूद अंधेरा होते ही लूनी नदी के किनारे बजरी का अवैध खनन शुरू हो जाता है। ओवरलोड बजरी से भरे डम्पर तेज रफ्तार में मौत बनकर सड़कों पर दौडऩे लग जाते हैं। बजरी से भरे डम्पर की वजह से कुछ माह पहले मेडिकल कॉलेज के सामने निजी अस्पताल के एक चिकित्सक की मृत्यु हो गई थी। इनकी रोकथाम के लिए जिम्मेदार खनिज विभाग आंखें मूंदे हुए है।
Published on:
28 Jul 2021 01:15 am
