
आज बादलों की हल्की आवाजाही, कुछ जगह पड़ेंगे छींटे
जोधपुर. एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आगामी दो दिनों के दौरान प्रदेश के पश्चिमी और उत्तरी भागों में थंडरस्टॉर्म के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। जोधपुर और बीकानेर संभाग के जिलों में तीव्र थंडरस्टॉर्म, अचानक तेज हवाएं या धूल भरी आंधी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक चलने की प्रबल संभावना है। जोधपुर शहर में शनिवार को बादलों की हल्की आवाजाही रहेगी। रात को कुछ बरसाती बादल आ सकते हैं। तापमान चालीस डिग्री के भीतर रहने की संभावना है।
सूर्यनगरी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आसमां साफ होने से तेज धूप निकली। चिलचिलाती धूप के कारण सुबह से ही गर्मी शुरू हो गई हालांकि तेज हवा के झौंकों से तपिश से कुछ राहत भी मिल रही थी। दोपहर में तापमान 39.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा। फलोदी में रात का तापमान 27.4 व दिन का 40.6 डिग्री रहा।
जैसलमेर और बाड़मेर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 25.8 व 26.9 और अधिकतम 41.6 व 39.8 डिग्री रहा।
Updated on:
21 May 2021 07:50 pm
Published on:
21 May 2021 07:50 pm
