
जोधपुर. यह उत्तर में दक्षिण की संस्कृति का खूबसूरत समां था। शहर में एक नन्ही मुन्नी बच्ची एक बच्ची इतना अच्छा और बड़ी तेज रफ्तार से मंत्रचालित सी जादुई अंदाज में नृत्य कर रही थी और लोग दांतों तले अंगुलियां दबा रहे थे। दीक्षित और प्रशिक्षित नृत्यांगनाएं भी तालियां बजा रही थीं तो सधे हुए कलाकार भी भूरि-भूरि प्रशंसा कर रहे थे। यह शहर की संस्था शिवम नाट्यालय की ओर से मेडिकल कॉलेज सभागार में भरत नाट्यम नृत्य की शानदार प्रस्तुति का नजारा था। यहां दस वर्षीय मेधावी नर्तकी मनस्वी चौधरी ने खूबसूरत और आकर्षक नृत्य दिखा कर दर्शकों को अभिभूत कर दिया। नन्ही नृत्यांगना ने सधे हुए स्टैप्स और विषय और भाव के अनुरूप भाव भंगिमाओं के संग नृत्य पेश किया तो दर्शक भावविभोर हो उठे। मेडिकल कॉलेज सभागार बार-बार करतल ध्वनि से गूंजता रहा।