
हरकत में आया विभाग और सडक़ पर बिछा मुरड़
बिलाड़ा (जोधपुर). हर्षा देवल से देवली मार्ग पर बन रही डामर की सडक़ पर मुरड़ के स्थान पर रेत काम में लेने का मुद्दा राजस्थान पत्रिका ने समाचार प्रकाशित उठाया तो सार्वजनिक निर्माण विभाग शनिवार को हरकत में आ गया।
सहायक अभियंता ने मौके पर पहुंच काम रुकवा दिया। ट्रैक्टर-कराली से सारी बिछाई हुई रेत हटवा कर सफेद मुरड़ बिछवाई। साथ ही कार्यकारी एजेंसी को नोटिस जारी कर नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण सडक़ निर्माण के लिए निर्देशित किया।
एक दिन पहले हर्षा देवल से देवली मार्ग पर बन रही सडक़ पर रेत बिछाकर डामरीकरण किया जा रहा था। सूचना पाकर पत्रिका टीम वहां पहुंची। कार्यकारी एजेंसी द्वारा सडक़ निर्माण के मानकों की अनदेखी की सूचना पाकर शुक्रवार को मौके पर पहुंची सरपंच मंजू देवी ने क्षेत्र के अन्य किसानों के साथ उक्त कार्य का अवलोकन किया। जमी हुई गिट्टी को वहां कार्यरत श्रमिकों से हटवाया, तो मात्र दो इंच गिट्टी के नीचे मुरड़ के स्थान पर खेतों की रेत ही बिछी मिली।
श्रमिकों से जानकारी चाहने पर उन्होंने भी बताया कि, ठेकेदार ने पास के ही एक खेत से यह मिट्टी मंगवा कर गिट्टी के नीचे बिछवाई और अब गिट्टी के ऊपर डलवाने के लिए मिट्टी का कह रखा है। इस मिट्टी पर पानी डाल ऊपर रोलर चलाया जाएगा। बाद में डामरयुक्त छोटी गिट्टी बिछा कर सडक़ बना दी जाएगी।
समाचार प्रकाशन के बाद यहां नजारा बदला-बदला नजर आया। कार्यकारी एजेंसी के ठेकेदार कई ट्रैक्टर-ट्रॉली एक साथ लगवा कर बिछाई मिट्टी को हटवा रहे थे और नए सिरे से विभागीय निर्देशानुसार सफेद मुरड़ बिछवाई जा रही थी। बाद में उस पर रोलर चलाया गया और गिट्टी बिछाई।
मौके पर मौजूद सहायक अभियंता नारायणम सीरवी ने बताया कि इन दिनों चुनाव कार्य में लगा दिए जाने के कारण वे साइट पर नहीं जा पाए। शनिवार को ‘रेत बिछा कर बना रहे डामर सडक़‘ शीर्षक से राजस्थान पत्रिका में प्रकाशित समाचार को पढऩे के बाद मैं मौके पर पहुंचा और ठेकेदार को बुलवाकर सडक़ मार्ग पर बिछी रेत को ट्रैक्टरों से हटवा दिया और गुणवत्ता के अनुरूप मुरड़ डलवाया।
सडक़ निर्माण की गुणवत्ता को लेकर विभाग गंभीर है ठेकेदार ने अपने साधनों से मिट्टी हटाकर सफेद मुरड़ बिछाया है, आगे भी पक्की सडक़ के निर्माण होने तक विभाग काम के नमूने लिए जाते रहेंगे।
Updated on:
28 Oct 2018 12:09 am
Published on:
28 Oct 2018 12:09 am
