
छोटे बच्चों को स्कूल बुलाया, निगम ने किया सीज
जोधपुर। शहर में बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर राज्य सरकार के निर्देश पर कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की गई है। नगर निगम उत्तर क्षेत्र की ज्वाइंट एनफोर्समेंट टीम ने कार्रवाई करते हुए कोविड-19 गाइड लाइन का उल्लंघन करने पर 4 जिम को सीज किया। वहीं एक निजी स्कूल को भी सीज करने की कार्रवाई की। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि कक्षा 1 से 9 तक के विद्यार्थियों को स्कूल नहीं बुलाने के निर्देश हैं। लेकिन इसके बावजूद भी शहर के भदवासिया स्थित जीनियस पब्लिक स्कूल में निरीक्षण के दौरान कक्षा सातवीं और आठवीं के बच्चे उपस्थित पाए गए। जिस पर नगर निगम उपायुक्त शैलेंद्र कुमार एवं एसीपी शिव नारायण चौधरी के नेतृत्व में ज्वाइंट एनफोर्समेंट टीम उत्तर ने सीज कार्रवाई की। नगर निगम आयुक्त उत्तर रोहिताश्व तोमर ने बताया टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर संचालित हो रहे जिम का भी निरीक्षण किया। इसमें कोविड-19 गाइडलाइन का उल्लंघन करते हुए 4 जिम खुले पाए गए। टीम ने मोती चौक त्रिपोलिया स्थित मोदी जिम, सिवांची गेट गिराज के सामने स्थित हैदर कोर जिम, प्रताप नगर स्थित ऋषि जिम और प्रताप नगर स्थित आरपी जिम को सीज किया।
रात को चार दुकानें सीज
जोधपुर। कोरोना गाइड लाइन का उल्लंघन करने को लेकर नगर निगम दक्षिण ने मंगलवार को 4 दुकानों को किया। नगर निगम आयुक्त डॉ अमित यादव ने बताया कि रात्रि 7 बजे बाद प्रतिष्ठान खुले रखने पर मसूरिया स्थित रामदेव किराना स्टोर, एमजीएच रोड स्थित दीपक इलेक्ट्रॉनिक्स, कमला नगर अस्पताल के सामने स्थित चश्मा घर और निधि ऑप्टिकल को सीज करने की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त आयुक्त राकेश कुमार, अतिक्रमण प्रभारी दीपक कनौजिया, राजेश तेजी व अन्य मौजूद थे।
Published on:
06 Apr 2021 10:20 pm
