29 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jodhpur News: पानी में डूब रहे भाई को बचाने कूदा बड़ा भाई भी डूबा, दोनों की हुई मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

राजस्थान के जोधपुर जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां पानी की डिग्गी में डूब रहे छोटे भाई को बचाने कूदा बड़ा भाई भी डूब गया। हादसे में दोनों भाइयों की मौत हो गई। दो सगे भाइयों की मौत के बाद गांव में मातम पसरा है।
2 min read
Google source verification
Jodhpur Death

Jodhpur Death: मृतक दोनों भाई (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

जोधपुर। खेतों में सिंचाई के लिए बनाई जा रही असुरक्षित पानी की डिग्गियां लगातार मासूमों की जान ले रही हैं। मथानिया के मांडियाई खुर्द में हुए दर्दनाक हादसे को अभी दो महीने भी नहीं बीते थे कि बुधवार को देचू थाना क्षेत्र के गुमानपुरा गांव में ऐसा ही एक और हृदयविदारक हादसा हो गया। छोटे भाई को डूबता देख उसे बचाने के लिए पानी में कूदा बड़ा भाई भी बाहर नहीं निकल सका। देखते ही देखते दोनों मासूम गहरे पानी में समा गए।

देचू थाना क्षेत्र के गुमानपुरा स्थित एक कृषि फार्म पर पानी के हौद में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही देचू पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शव बाहर निकलवाकर उपजिला अस्पताल देचू पहुंचाए, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

एक साथ सगे भाइयों की मौत

थानाधिकारी विक्रमसिंह चारण ने बताया कि सुवालिया निवासी शम्भूराम भील अपने परिवार के साथ गुमानपुरा निवासी अनवरअली पुत्र मीठू खां के कृषि फार्म पर मजदूरी करता है। बुधवार को उसका 13 वर्षीय बेटा राणाराम खेत में बने पानी के हौद पर पानी पीने गया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। भाई को डूबता देख 15 वर्षीय पारसराम बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने के लिए हौद में कूद पड़ा। लेकिन हौद में पानी अधिक गहरा होने से दोनों भाई बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।

गांव में शोक की लहर

सूचना मिलने पर मुख्य आरक्षी अर्जुनराम पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सहायता से दोनों बच्चों के शव बाहर निकाले गए। पुलिस ने शम्भूराम भील की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक ही परिवार के दो बेटों की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर छा गई।

53 दिन पहले भी डिग्गी ने निगली थीं तीन जिंदगियां

यह पहला मामला नया नहीं है। महज 53 दिन पहले, 6 जून को तिंवरी तहसील के मांडियाई खुर्द गांव में खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से तीन मासूमों की दर्दनाक मौत हो गई थी। उस हादसे में लक्ष्मी (14), राधेश्याम (8) और रोहित (7) की जान चली गई थी। लक्ष्मी और राधेश्याम एक ही परिवार के थे, जबकि रोहित गर्मी की छुट्टियां बिताने अपनी बुआ के घर आया था। खेलते-खेलते तीनों बच्चे खेत में बनी डिग्गी तक पहुंच गए और हादसे का शिकार हो गए।