
आपसी झगड़े में मकान पर दो गोलियां चलाने का आरोप
जोधपुर. गुड़ा विश्नोइयान के मंगल नगर में आपसी विवाद में जीप में सवार चार-पांच युवकों ने एक मकान पर दो गोलियां चलाई व जान से मारने की धमकी देकर चले गए। मौके पर पहुंची कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस को पिस्तौल की मैग्जीन मिली, लेकिन कारतूस का खाली खोल बरामद नहीं हुआ। चार नामजद व्यक्तियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया है।
थानाधिकारी अशोक आंजणा ने बताया कि मंगल नगर निवासी मांगीलाल विश्नोई पुत्र छोगाराम जाणी ने मकान पर दो गोली चलाने व बाहर आने पर गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए धर्मेन्द्र पुत्र घेवरराम विश्नोई, सुरेश बाबल उर्फ सुखा, भजनराम केतू व हापूराम उर्फ टट्टू के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है। आरोप है कि गत मंगलवार रात जीप में सवार चारों आरोपी उसके मकान आए और दो गोलियां चलाई, लेकिन गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। आवाज सुनकर घरवाले बाहर आए तो आरोपियों ने गाली-गलौच की और जान से मारने को धमकाया। फिर वहां से भाग निकले। सूचना पर पुलिस वारदातस्थल पहुंची। मौके से एक मैग्जीन बरामद हुई, लेकिन एक भी खाली कारतूस बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। आरोपी भी पुलिस के सामने नहीं आए हैं।
घरवालों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले आरोपियों से उनका झगड़ा हुआ था। तब आरोपियों ने उन्हें देख लेने की धमकी दी थी।
Published on:
11 Oct 2018 10:18 pm
