11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपना साकार करेगा जोधपुर

-गोरखपुर एम्स को शुरू करेगा जोधपुर एम्स-जोधपुर एम्स को सौंपी मेंटर की जिम्मेदारी-जोधपुर एम्स निदेशक की निगरानी में शुरू होगा गोरखपुर एम्स
2 min read
Google source verification
Uttar Pradesh CM Yogi Adityanath' s Dream will be complete by Jodhpur

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपना साकार करेगा जोधपुर

के. आर. मुण्डियार
जोधपुर.
लोकसभा चुनाव से पहले केन्द्र सरकार का सबसे ज्यादा फोकस उत्तरप्रदेश पर है। इसमें मुख्यमंत्री योगी के गृह क्षेत्र गोरखपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की लांचिंग चुनाव से पहले करना भी महत्वपूर्ण है। गोरखपुर एम्स को शुरू करने के लिए जोधपुर एम्स को मेंटर (संरक्षक) के रूप में जिम्मा सौंपा गया है। सरकार की ओर से गोरखपुर एम्स के इन्फ्राट्रक्चर डवलपमेंट, नई भर्ती सहित अन्य प्रबंधन की मॉनिटरिंग जोधपुर एम्स निदेशक डॉ. संजीव मिश्रा के निर्देशन में शुरू की गई है।
सरकार का गोरखपुर एम्स अस्पताल में इसी माह से ओपीडी संचालन शुरू करने का मानस है। ओपीडी संचालन शुरू करने के लिहाज से जोधपुर एम्स से सभी विभागों के एक-एक विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं सीनियर रेजीडेंट्स की रोटेशन के आधार पर एक-एक सप्ताह के लिए ड्यूटी गोरखपुर एम्स में सुनिश्चित की गई है। प्रबंधन के लिए एक टीम को पहले ही गोरखपुर एम्स भेजा जा चुका है। जोधपुर एम्स के चिकित्सक गोरखपुर में नव पदस्थापित होने वाले चिकित्सकों को एम्स की ओपीडी संचालन, एम्स की प्रेक्टिस के तौर-तरीके भी बताएंगे।
जानकारी के अनुसार 23 व 24 फरवरी को गोरखपुर में भाजपा का किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अविधेशन प्रस्तावित है। अधिवेशन के अन्तिम दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यक्रम है। उत्तरप्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गोरखपुर एम्स ड्रीम प्रोजेक्ट है। मुख्यमंत्री का गृह क्षेत्र होने के कारण सरकार 24 फरवरी को पीएम मोदी के हाथों इसका शुभारम्भ करवा सकती है। गोरखपुर एम्स में मेडिकल कॉलेज, अस्पताल आदि के इन्फ्राक्टचर निर्माण का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। विभिन्न विभागों की ओपीडी के लिए नई भर्ती की प्रक्रिया चल रही है।
गौरतलब है कि उत्तरप्रदेश में गोरखपुर एम्स दूसरा होगा। पीएम मोदी ने 16 दिसम्बर 2018 को रायबरेली एम्स की ओपीडी का शुभारम्भ किया था। केन्द्र सरकार की ओर से 14 नए एम्स शुरू करने की घोषणा की जा चुकी है, जिनमें से 12 एम्स शुरू करने के लिए केबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है।


जोधपुर को इसलिए दी जिम्मेदारी-
जोधपुर में एम्स की शुरुआत वर्ष 2012 में हुई थी। तब से एम्स में निदेशक की जिम्मेदारी डॉ. संजीव मिश्रा संभाल रहे हैं। इनकी देखरेख में जोधपुर एम्स ने कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं। सरकार ने कुछ समय पहले एम्स निदेशक डॉ. मिश्रा का कार्यकाल पांच साल के लिए बढ़ाया था।

----
गोरखपुर एम्स को चालू करने के लिए मेंटर के रूप में तमाम जिम्मा जोधपुर एम्स को सौंपा गया है। जल्द ही वहां ओपीडी शुरू की जाएगी।
-एन. आर. विश्नोई, उपनिदेशक, जोधपुर एम्स