30 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बोले गहलोत, वर्तमान मुख्यमंत्री ने सुन ली थी मेरी बात, इसलिए भूल गईं हैं जनता से किए वादे…!

बेरोजगार और किसानों से किए वादे भूल गई सरकार  

2 min read
Google source verification
Rajasthan CM forgot all the promises made to public: Gehlot

Rajasthan CM forgot all the promises made to public: Gehlot

बासनी. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र में मोदी सरकार और राज्य में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दोनों सरकारों को किसानों और बेरोजगारों के लिए नकारा बताया है। गहलोत रविवार को जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के केंद्रीय छात्रसंघ कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी ने सत्ता में आने से पहले दो करोड़ नौकरियां प्रतिवर्ष, १५ लाख रुपए हर भारतीय के खाते में डालने और किसानों की आय को दोगुना करने के कई लुभावने वादे किए थे जो पूरे नहीं हुए। सरकार युवाओं को रोजगार देने में नाकाम साबित हुई है।

गहलोत ने चुटकी लेते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कहा था कि जनता हमारे काम को देखकर वोट देगी तो हम जीतेंगे। हमारी सरकार बनेगी। हमारी सरकार नहीं बनी तो आने वाली सरकार काम नहीं करेगी। वही आप देख रहे हैं, शायद मेरी ये बात वर्तमान मुख्यमंत्री ने सुन ली।

उद्योगपतियों के कर्जे माफ, किसानों के क्यों नहीं

गहलोत ने केंद्र सरकार के विकास के मॉडल पर हमला करते हुए कहा कि सरकार उद्योगपतियों के १ लाख ३० हजार करोड़ रुपए के कर्जे माफ कर सकती है, तो किसानों का क्यों नहीं। राजस्थान की मौजूदा सरकार ने हमारी योजनाओं को बंद कर दिया। बाड़मेर में रिफाइनरी आ रही थी। उसे उसी स्थिति में शुरू करते तो बड़ी संख्या में प्लास्टिक आधारित उद्योग लगते जिससे लाखों लोगों को रोजगार मिलता। उसे बंद करने का क्या तुक था।

यादें की ताजा

गहलोत ने कहा कि उन्होंने भी कांता ग्वाला की तरह छात्रसंघ चुनाव लड़ा था, लेकिन कुछ वोटों से हार गए। उसके बाद और कई चुनाव हारे फिर जीत का स्वाद चखा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी आदि के काम गिनाए। देश आजाद हुआ तब एक सुई नहीं बनती थी। बिजली क्या होती है, लोग ये नहीं जानते थे। तब कांग्रेस के शासन में आईटी क्रांति की बदौलत ये सब हुआ। फिर भी मोदी कहते हैं कांग्रेस ने ६० साल में क्या किया।

हुड्डा ने किया गहलोत का इशारा

रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने बातों ही बातों में भूपेंद्रसिंह हुड्डा का नाम लेकर गहलोत के फिर से मुख्यमंत्री बनने का इशारा कर दिया। उन्होंने एनएसयूआई टीम को एक होकर चुनाव लडऩे पर मिली बंपर जीत की कांता ग्वाला और उनके भाई चेतन ग्वाला को बधाई दी। कार्यक्रम को बाड़मेर के पूर्व सांसद हरीश चौधरी, छात्रनेता राजूराम खोजा, सुमित भगासरा ने भी संबोधित किया। जेएनवीयू छात्रसंघ अध्यक्ष कांता ग्वाला ने मतदाताओं को धन्यवाद दिया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में जेएनवीयू के रजिस्ट्रार पीके शर्मा, पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, पूर्व विधायक महेंद्र चौधरी, पूर्व विधायक दिलीप चौधरी, पूर्व विधायक नारायण राम बेड़ा, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सईद अंसारी, देहात कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हीराराम मेघवाल, देहात महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष संगीता बेनीवाल, शहर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीषा पंवार, पीसीसी सदस्य महेंद्र विश्नोई, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष दिनेश परिहार, एनएसयूआई के छात्रनेता पारस गुर्जर, अंकित गहलोत, सहित कई नेता मौजूद थे।