
पेयजल संकट से त्रस्त ग्रामीणों का प्रदर्शन
नौसर (जोधपुर). पल्ली ग्राम पंचायत स्थित सार्वजनिक जलाशय दस दिनों से बंद है। गर्मी के दिनों में पशु खेळी सूखी रहने से मवेशी पानी के लिए तरस रहे हैं। पानी की किल्लत झेल रहे ग्रामीण युवाओं ने मंगलवार को जलाशय पहुंच कर विरोध प्रदर्शन कर जलापूर्ति बहाल करवाने की मांग की।
सरपंच नारायण भाटिया से बात करने पर उन्होंने बताया कि पम्प-मोटर खराब है, तैयार करवाने की कोशिश की जा रही है। इस पर परेशान ग्रामीण ग्राम पंचायत सरपंच से असंतुष्ट होकर विरोध करने लगे। ग्रामीण श्रवण माधानी, मेघाराम, जेठाराम प्रजापत, दिनेश वैष्णव, राकेश, रेवंतराम, कैलाश आदि ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए जल्द जलापूर्ति बहाल करने की मांग की।
यहां भी कुछ ऐसे ही हालात
फलोदी. उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत ननेऊ के राजस्व गांव कानासरिया में जलदाय विभाग द्वारा संचालित नलकूप दो सप्ताह से खराब है। इससे ग्रामीणों तथा पशुधन को गंभीर पेयजल संकट भुगतना पड़ रहा है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट श्रीगोपाल व्यास व सचिव मुफ्ती अब्दुल वहाब कासमी ने जिला कलक्टर तथा विभागीय अधिकारियों को भेजे ज्ञापन में खराब नलकूप को शीघ्र ठीक करवाकर ग्रामीणों एवं पशुधन को राहत देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि संबांधित अधिकारियों व कर्मचारियों को इसकी सूचना देने के बाद भी समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया है।
Published on:
24 Jul 2019 09:51 am
