
जोधपुर. बीती रात मावठ के बाद मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सर्दी बढ़ गई। सुबह कोहरा छाया रहा। हवा में 90 फ़ीसदी से अधिक नमी होने की वजह से दिन भर ठिठुरन बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को बादलों की हल्की आवाजाही के साथ धूप खिली रहेगी, लेकिन गुरुवार से मौसम फिर बदल जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से गुरुवार और शुक्रवार को बादलों की घनी आवाजाही के साथ मावठ होने के आसार है।
सूर्यनगरी में बीती आधी रात तक रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। हवा में 92 फीसदी आद्र्रता होने से सर्दी का अहसास कहीं अधिक होने लगा। दिन चढऩे के साथ बादलों की हल्की आवाजाही रही। सूरज और बादलों की लुकाछिपी के बीच धूप भी निकली, लेकिन दिन भर ठिठुरन बनी रही। दोपहर में तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान कम रहने और नमी युक्त मौसम होने से सर्दी का अहसास हो रहा था। शाम ढलने के बाद सर्दी तेज हो गई। रात को जाड़ा तेज रहने से शहरवासी जल्द ही अपने घरों में दुबक गए। बुधवार को भी सर्दी तेज रहने का पूर्वानुमान है। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा। फलोदी में सुबह घना कोहरा छाए रहने से 50 मीटर से अधिक दूर की वस्तु नजर नहीं आ रही थी। कुछ इलाकों में मंगलवार सुबह भी बूंदाबांदी हुई।
बाड़मेर और जैसलमेर में भी बदले हुए मौसम का असर नजर आया। जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री और अधिकतम 20.6 डिग्री रहा। बाड़मेर में रात का तापमान 10.3 डिग्री और दिन का 30.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।