
Weather: मौसम बदलेगा, आज फिर आएंगे बादल
जोधपुर. मारवाड़ के अधिकांश हिस्सों में आसमां साफ रहने से बीती रात तापमान दो से तीन डिग्री तक लुढ़क गया। जोधपुर में पारा 17.4, जालोर में 14.9, बाड़मेर में 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट आने से अलसुबह सर्दी का असर कुछ बढ़ गया। हालांकि दिन में तेज धूप निकली रहने से तापमान 35 डिग्री के आसपास रहा। धूप में तपिश भी महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ की वजह से शनिवार से अगले दो दिनों तक बादलों की हल्की आवाजाही रहेगी हालांकि बारिश की संभावना है। इस दौरान तापमान में फिर से बढ़ोतरी होगी।
सूर्यनगरी में बीती रात पारा 17 डिग्री के समीप आ गया। यह इस सीजन का सबसे कम तापमान था। सुबह-सुबह गुलाबी सर्दी रही। दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से मौसम समान्य होने लगा। दोपहर होते-होते पारा 35.8 डिग्री पर पहुंच गया। इससे पंखे चलाने पड़े। तेज धूप में कुछ देर रहने पर तपिश भी महसूस हो रही थी। शाम ढलने के बाद मौसम फिर सामान्य होने लगा। ग्रामीण व खुले इलाकों में सर्दी का असर अपेक्षाकृत अधिक रहा।
Published on:
27 Oct 2023 08:26 pm
