Jodhpur News: चिकित्सा मंत्री गजेंद्रसिंह खींवसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल 15 अगस्त को मंत्री खींवसर लोहावट विधानसभा क्षेत्र में सेतरावा तहसील के गांवों के दौरे पर थे। गुरुवार शाम को खींवसर सेतरावा सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उस समय सीएचसी में कार्यरत नर्सिंग अधिकारी मुनेश कुमार मीना की पत्नी शारदा भी मंत्री के सामने अपनी पीड़ा सुनाने पहुंच गई।
शारदा ने मंत्री के सामने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि मेरे पति बीमार रहते हैं। अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र हैं। मेरे सास-ससुर भी हार्ट पेसेंट हैं, बाकि यहां पर कोई परेशानी नहीं हैं। चिकित्सा मंत्री ने मुनेश की पत्नी शारदा की पूरी व्यथा सुनकर तबादले का भरोसा दिलाया। गौरतलब है कि मुनेश कुमार मीना नर्सिंग अधिकारी के रूप में पिछले 4 साल से सेतरावा सीएचसी में कार्यरत हैं। दरअसल महिला अपने पति का तबादला गंगापुर सिटी करवाना चाहती है। मंत्री के दुख दर्द को समझ कर भरोसा दिलाने का वीडियो क्षेत्र में सराहा जा रहा है।