
किसानों के लिए अगले वर्ष अलग से बजट लाएंगे
जोधपुर. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को जोधपुर में प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत नगर निगम दक्षिण के वार्ड नम्बर 79 व 80 के डिगाड़ी कला विद्यालय में आयोजित शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि शिविरों में अच्छे काम करने वालों को अवार्ड मिलेंगे व लापरवाही बरतने वालों को सजा भी मिलेगी। वे शिविरों का अवलोकन करने सभी जिलों में जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले फ रवरी-मार्च में किसानों के लिए अलग बजट लाएंगे। किसानों के लिए अलग बिजली कम्पनी भी बनाना चाहते है।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम उत्तर के ज्ञानसिंह, जेडीए जोन पूर्व के चन्दन गिरी, चुकी देवी, मदनलाल डारा व पृथ्वीराज को पट्टे प्रदान किए। डिगाडी राजकीय सेटेलाइट चिकित्सालय के लिए 4893.37 वर्ग मीटर भूमि के नि:शुल्क आवंटन का पत्र सीएमएचओ डॉ. बलवंत मंडा, पार्षद आईदानराम सारण व पार्षद राजेन्द्र चौधरी को प्रदान किए। कार्यक्रम में शिक्षा राज्यमंत्री गोविन्दसिंह डोटासरा, खान व गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया, उप मुख्य सचेतक महेन्द्र चौधरी ने सम्बोधित किया।
मैं जोधपुर आउंगा तो भीड़ बढ़ेगी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि लम्बे समय बाद जोधपुर आया हूं। कोरोना के कारण बाहर नहीं निकला। बाहर निकलता और आता तो भीड़ बढती।
नहर के तीसरे फेज के लिए 1450 करोड़ मंजूर
राजीव गांधी लिफ्ट नहर के तीसरे फेज के लिए राज्य सरकार ने अपने खजाने से 1 हजार 450 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। इस राशि से लिफ्ट नहर का तीसरा फेज का कार्य होगा व गांवों में पानी पहुंचेगा।
शिविरों में जाने कार्य
मुख्यमंत्री ने शिविर के अवलोकन के दौरान 22 विभागों की ओर से लगाए एक-एक काउंटर पर उनके किए जा रहे कार्य व अब तक किए कार्यो की प्रगति जानी। उन्होंने डिस्कॅाम एमडी अविनाश सिंघवी से बिजली व्यवस्था, कनेक्शन व अन्य कार्यो की जानकारी ली। संभागीय आयुक्त व जेडीए चेयरमेन डॉ राजेश शर्मा व जेडीए आयुक्त कमर चौधरी से जेडीए के शिविरों में दिए गए पट्टों की जानकारी ली।
--------
दक्षिण महापौर वनिता ने रखीं मांगें
डिगाड़ी कला के शिविर में दक्षिण महापौर वनिता सेठ ने सीएम गहलोत के समक्ष केरू व नांदड़ी में सोलर प्लांट स्थापित करने की मांग की। सुंदरबालाजी में अतिक्रमण रोकने, घोषित सनसेट विकसित करने, उम्मेद सागर के ऊपर हर्बल पार्क बनाने, चौपाटी बनाने सहित कई मांगें रखीं।
Published on:
09 Nov 2021 11:40 pm
