
प्रेम प्रसंग के चलते शराब दुकान के सेल्समैन ने फंदा लगाया
जोधपुर.
कुड़ी भगतासनी थानान्तर्गत झालामण्ड चौराहे के पास स्थित मकान के एक कमरे में शराब दुकान के सेल्समैन ने फंदा लगा लिया। उसके पास मिले सुसाइड व जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि किसी युवती से प्रेम प्रसंग के चलते उसने जान दी है।
थानाधिकारी जुल्फिकार अली ने बताया कि चूरू जिले में रतनगढ़ थानान्तर्गत जसरासर निवासी राजपालसिंह (२२) पुत्र जीवराजसिंह झालामण्ड चौराहे के पास अपने चचेरे भाई रविन्द्रपालसिंह की देसी शराब की दुकान पर सेल्समैन था। वह दुकान के पास ही किराए के मकान में अन्य सेल्समैन नरेन्द्रसिंह के साथ रहता था। वह दोपहर में खाना खाने व आराम करने के लिए किराए के मकान में गया, लेकिन शाम तक दुकान नहीं लौटा। तब दूसरा सेल्समैन नरेन्द्रसिंह मकान पहुंचा, लेकिन कमरे का दरवाजा बंद था। आवाज लगाने के बावजूद दरवाजा न खोलने पर चचेरा भाई, आस-पड़ोस के लोग और फिर पुलिस मौके पर आई। दरवाजा तोड़कर सभी अंदर घुसे तो राजपालसिंह फंदे पर लटक रहा था। उसे तुरंत एम्स ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
कुछ माह पहले ही भेजा था जोधपुर
पुलिस का कहना है कि मृतक का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। घरवालों का पता लगा तो उन्होंने नाराजगी जताई थी। तब दो-तीन माह पहले ही उसे जोधपुर भेज दिया गया था। मृतक के पास सुसाइड नोट भी मिला। इस आधार पुलिस का मानना है कि उसने प्रेम प्रसंग के कारण आत्महत्या की है।
Published on:
14 Sept 2020 07:00 am
