10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan Weather: ठंडी हवा से धूजणे लगे लोग, धूप सुहानी लगने लगी

Rajasthan weather Update  
2 min read
Google source verification
Rajasthan Weather: ठंडी हवा से धूजणे लगे लोग, धूप सुहानी लगने लगी

Rajasthan Weather: ठंडी हवा से धूजणे लगे लोग, धूप सुहानी लगने लगी

जोधपुर. मारवाड़ के अधिकांश हिस्सों में रविवार को दिनभर बरसाती मौसम रहने की वजह से सोमवार को सर्दी चमकी। बादलों की आवाजाही के साथ, अत्यधिक नमी और उस पर चल रहे ठंडी हवा के झौंकों ने ठिठुरन पैदा कर दी। इस सीजन में पहली बार धूप सुहानी लगने लगी। सर्दी तेज होने से रात होने के बाद लाग जल्द ही घरों में दुबक गए। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर मंगलवार को समाप्त होने की संभावना है। आसमां साफ होने के बाद रात का पारा तेजी से लुढ़केगा, जिससे सर्दी और बढ़ेगी।

सूर्यनगरी में सोमवार की सुबह कड़ाके की सर्दी के साथ हुई। तापमान भले ही 14.4 डिग्री सेल्सियस था लेकिन वातावरण में 94 फीसदी आपेक्षिक आर्द्रता और उस पर तीन से चार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहे हवा के झौंकों ने ठिठुरा दिया। दिन में लोगों को स्वेटर, जैकेट व शॉल ओढ़ने पड़े। बादलों की आवाजाही के बीच धूप भी निकली लेकिन धूप हल्की थी। सर्दी से बचाव के लिए लोग धूप सेकते हुए भी नजर आए। दोपहर में तापमान 23.4 डिग्री रहा जो सामान्य से छह डिग्री कम था। रात ढलने के बाद सर्दी और तेज हो गई।

खुले स्थानों पर शरीर बेधती रही हवा
शहर के बाहरी इलाकों में चल रही ठंडी बयार ने लोगों में सिहरन पैदा कर दी। खुले में ठंडी हवा के झौंके शरीर को बेध रहे थे। कुड़ी हाउसिंग बोर्ड, शिकारगढ़ और पाल रोड के आगे रहने वाले लोगों को अधिक सर्दी का सामना करना पड़ा। यहां रात होते ही सड़कें सुनसान हो गई।

गर्म चाय व नमकीन पर रहा जोर
सर्दी तेज होने के साथ ही घरों व कार्यस्थलों पर ठंड से राहत पाने के लिए गर्म चाय की चुस्कियों का दौर चला। प्रकाश पर्व की छुट्टी होने से लोगों ने घरों में ही गर्मागर्म पकवान बनाकर सेवन किए। शहर में नमकीन की दुकानों पर भी भीड़ रही। मिर्चीबड़े की बिक्री और दिनों के मुकाबले अधिक देखी गई।