
ब्रिज पर गोलाई में ट्रक पलटने से श्रमिक की मृत्यु
जोधपुर.
शास्त्रीनगर थानान्तर्गत वीर दुर्गादास राठौड़ ओवरब्रिज पर गोलाई में ट्रक के पलटने से नीचे दबने के कारण ट्रक में सवार श्रमिक की मृत्यु हो गई। कोरोना पॉजीटिव होने के कारण मृतक के शव को पीपीई किट में परिजन को सौंपा।
पुलिस ने बताया कि सूरसागर में सिंधियों की गली निवासी लालसिंह पुत्र गणपतसिंह परिहार अपनी ट्रक में भरा माल को झालामण्ड क्षेत्र में खाली कर सूरसागर लौट रहा था। सूरसागर में नई भाटवटी का बास निवासी राकेश उर्फ पिंटू पुत्र मुकनाराम मेघवाल बतौर श्रमिक उसके साथ था। वह चालक के दूसरी तरफ बैठा था। वीर दुर्गादास राठौड़ ओवरब्रिज पर गोलाई में तेज रफ्तार व लापरवाही के कारण ट्रक पलट गया। चालक के दूसरी तरफ बैठा राकेश उर्फ पिंटू नीचे गिर गया और ट्रक के नीचे दब गया। पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रक हटाया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने शव मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
कोविड-१९ जांच रिपोर्ट में मृतक पॉजीटिव पाया गया। बगैर पोस्टमार्टम शव को पीपीई किट में पैक कर कोविड-१९ नियमों के तहत अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सौंप दिया गया। मृतक के रिश्तेदार मुकनाराम की तरफ से ट्रक चालक लालसिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
Updated on:
06 Dec 2020 11:56 pm
Published on:
06 Dec 2020 11:56 pm
