
झगड़े में मारपीट व कुकर्म से श्रमिक की मौत
जोधपुर.
डांगियावास थानान्तर्गत एक नाडी के पास बबूल की कटाई के बाद शराब पीने व झगड़े में मारपीट और कुकर्म करने से एक श्रमिक की मृत्यु हो गई। आरोपी श्रमिक ने अज्ञात लोगों पर आरोप मढ़कर ग्रामीणों को सूचित किया, लेकिन संदेह होने से फंस गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मंगलवार को उसे गिरफ्तार किया।
सहायक पुलिस आयुक्त (मण्डोर) राजेन्द्र प्रसाद दिवाकर ने बताया कि गांव की एक बावड़ी के पास 5-6 बीघा जमीन से बबूल की कटाई कर कोयला बनाने का कार्य पाली जिले में अरटिया निवासी भोमाराम बावरी ने ठेके पर ले रखा है, जहां पाली जिले में रोहट थानान्तर्गत मंडली दर्जियान गांव निवासी भैराराम बावरी चार-पांच दिन से मजदूरी कर रहा था। इस बीच, पाली जिले का ही 35 वर्षीय एक श्रमिक भी एक दिन पूर्व ही वहां मजदूरी करने आया। ठेकेदार उन्हें खाने व अन्य खर्च के रुपए देकर वहां से चला गया। दोनों श्रमिक खाने के सामान के साथ-साथ शराब खरीदकर लाए।
शराब के नशे में होने से दोनों श्रमिकों में रात को झगड़ा हुआ। आरोपी भैराराम ने दूसरे श्रमिक को मुक्कों से सिर व मुंह पर वार किए। फिर उसके कपड़े उतार दिए और उसके साथ कुकर्म किया। कुछ देर बाद श्रमिक की मृत्यु हो गई।
यह देख भैराराम घबरा गया। वह गांव में पहुंचा और कुछ अज्ञात लोगों के बावड़ी के पास आकर मारपीट करने से श्रमिक की मृत्यु होने की जानकारी दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो हालात व आरोपी के आरोपों पर संदेह हुआ। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित कर आरोपी को वहीं रोके रखा। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो संदेह के सुई भैराराम पर घूमने लगी। सख्त पूछताछ करने पर उसने वारदात स्वीकार कर ली। मृतक के रिश्तेदार की तरफ से मारपीट, कुकर्म व हत्या का मामला दर्ज किया गया। साथ ही मंडली दर्जियान निवासी आरोपी भैराराम (38) पुत्र ढलाराम बावरी को गिरफ्तार किया गया। पीट दिया।
गुप्तांग काटने की फिराक में था आरोपी
शराब के नशे में झगड़े व मारपीट से आरोपी इतना आक्रोशित हो गया कि उसने दूसरे श्रमिक का गुप्तांग काटने का निर्णय किया, लेकिन फिर उसने मानस बदल दिया और कुकर्म किया।
Published on:
31 May 2021 12:39 am
