
अंतरराष्ट्रीय दृष्टि दिवस
अरविंद सिंह राजपुरोहित/जोधपुर. आंखें मनुष्य के लिए कुदरत का दिया सबसे बेस्ट उपहार है। आंखों की कीमत उन्हें मालूम है जिन्हें दिखाई नहीं देता है या कम दिखाई देता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक विश्व भर में 36 मिलियन से अधिक लोग अंधता से ग्रसित हैं। वहीं 253 मिलियन लोग सही तरह से नहीं देख सकते हैं। ऐसे में यदि आप भी इस दुनिया से जाने के बाद किसी की जिंदगी रोशन करना चाहते हैं तो नेत्रदान अवश्य करना चाहिए। क्योंकि आपके किए इस महादान से किसी की जिंदगी खुशियों रूपी उजाले से भर सकती है। आज अंतरराष्ट्रीय दृष्टि दिवस है। शहर में अंधता को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आप भी आंखों की सुरक्षा को लेकर क्या सावधानियां रखें।
पेश है यह रिपोर्ट-
आंखों की सुरक्षा के लिए क्या करें
- अपनी व अपने बच्चों की नियमित आंखों की जांच करवाएं।
- वाहन चलाते समय या प्रदूषण वाली जगहों पर सनग्लास का यूज करें।
- खतरनाक कार्य के दौरान सुरक्षा चश्मा या सुरक्षात्मक चश्मे का उपयोग करें।
-कंप्यूटर पर वर्क करते समय हर बीस मिनट में अपनी आंखों को आराम दें।
- हमेशा साफ पानी से ही आंखें धोंए।
-बिना चिकित्सक की सलाह के दवाई न लें।
-आहार में अधिक से अधिक मात्रा में हरी सब्जियों फलों को शामिल करें।
अंधता के प्रमुख कारण
मोतियाबिंद (कैटरेक्ट)
कालापानी ( ग्लूकोमा)
रेटिना (पर्दे की बीमारियां)
दृष्टि दोष
कॉर्निया की खराबी
इनका कहना है...
कई बार लोग आंखों में दर्द या खुजली होने पर मेडिकल स्टोर से बिना डॉक्टर की सलाह के ही दवाई ले लेते हैं। इससे भी आंखों को काफी नुकसान पहुंचता है। इसलिए आंखों की सुरक्षा के लिए बिना चिकित्सकीय सलाह के कोई दवाई नहीं लेनी चाहिए। इसके अलावा खान क्षेत्र, उद्योगों में कार्य करने वाले श्रमिकों को आंखों पर चश्मा अवश्य लगाना चाहिए।
डॉ. अरविंद चौहान, नेत्र रोग विभागध्यक्ष एमडीएम
अशोक उद्यान से एम्स ऑडिटोरियम तक जागरुकता रैली
अंतरराष्ट्रीय दृष्टि दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के नेत्र रोग विभाग, परमात्मा चंद चैरिटेबल संस्थान, जिला अंधता निवारण समिति, लायंस क्लब के तत्वावधान में पब्लिक अवेयरनेस रैली निकाली गई। एम्स आई डिपार्टमेंट के एचओडी डॉ. अरविंद मौर्य ने बताया कि रैली सुबह 7:30 बजे से अशोक उद्यान मुख्य द्वार से शुरु होकर नहर रोड होते हुए एम्स ऑडिटोरियम पहुंच सम्पन्न हुई। रैली को जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित, महापौर घनश्याम ओझा, विधायक महेंद्र विश्नोई, मनीषा पंवार, एम्स निदेशक डॉ. संजीव मिश्रा, एमडीएम नेत्र रोग विभागध्यक्ष डॉ. अरविंद चौहान सहित कई लोग हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डॉ. मौर्य ने बताया कि इसके माध्यम से लोगों को नेत्रदान के लिए प्रोत्साहन किया गया। रैली में विभिन्न स्कूल, कॉलेज के स्टूडेंट्स सहित सामाजिक संगठन भी शामिल हुए। वहीं रैली समाप्त होने के बाद दोहपर 12:30 बजे से अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें नेत्र रोग विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिया।
स्टूडेंट्स ने की स्क्रीनिंग
जोधपुर नेत्र सोसायटी की ओर से डीपीएस पाल रोड में सुबह 9 बजे से आई स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें डॉ. गुलाम अली कामदार, डॉ. संजीव देसाई, डॉ. अरविंद चौहान सहित एमडीएम अस्पताल के रेजिडेंट्स चिकित्सक स्टूडेंट्स की आंखों की जांच की।
Published on:
10 Oct 2019 02:48 pm
