
AI Generated Symbolic Image.
कन्नौज : उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के एक घर में शनिवार को एक साथ 11 कोबरा सांप निकलने से पूरे परिवार और इलाके में दहशत फैल गई। इतने सांपों का जखीरा देखकर घबराए परिवार ने अपना घर छोड़ दिया है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि घर के भीतर और भी सांप छिपे हो सकते हैं, जो धीरे-धीरे बाहर निकल रहे हैं। मंदिर के पास बने इस घर से बड़ी संख्या में कोबरा सांपों के निकलने की सूचना मिलते ही परिवार ने एक सपेरे को बुलाया। सपेरे ने एक-एक करके कुल 11 कोबरा सांप पकड़े, जिन्हें बाद में परिवार ने गाँव से दूर जंगल में छोड़ दिया। परिजनों को इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि इतने सारे सांप उनके घर में कहां से आ गए।
सांपों के निकलने के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। उनका कहना है कि जब इतनी बड़ी संख्या में सांप घर से निकले हैं, तो यह संभव है कि अंदर और भी सांप मौजूद हों। ऐसे में सांपों के बीच रहना सुरक्षित नहीं है। इसी वजह से परिवार ने फिलहाल अपना घर छोड़ दिया है और किसी रिश्तेदार के यहाँ शरण ली है। परिवार का मानना है कि घर में रहना अब जानलेवा साबित हो सकता है।
स्थानीय लोगों और विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश के दिनों में कोबरा जैसी प्रजाति के सांप प्रजनन करते हैं। ऐसे में यह संभावना है कि किसी मादा कोबरा ने घर के भीतर अंडे दिए होंगे, और अंडे फूटने के बाद बड़ी संख्या में सांप के बच्चे बाहर निकल आए हैं। परिवार रविवार को एक बार फिर सपेरे को बुलाकर घर की पूरी जांच करवाने और अन्य छिपे हुए सांपों को निकलवाने की तैयारी कर रहा है।
Updated on:
26 Jul 2025, 7:33 PM IST
Published on:
26 Jul 2025, 7:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.