AKhilesh Yadav on Nikay Chunav Result: अखिलेश यादव ने किन्नरों का उदाहरण देकर सपाईयों के लिए बड़ा इशारा कर दिया है।
AKhilesh Yadav on Nikay Chunav Result: अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में लगातार गड़बड़ी का आरोप सत्ताधारी भाजपा पर लगा रहे हैं। अखिलेश यादव ने कन्नौज में तो समाजवादी पार्टी के लोगों को किन्नरों से सीख लेने की सलाह दे दी है। उन्होंने कहा कि हम समाजवादी लोग लिहाज कर जाते हैं लेकिन चंदौली में किन्नरों ने ये बताया है कि अब शर्म लिहाज का वक्त खत्म हो चुका है।
कन्नौज पहुंचे थे अखिलेश यादव
अखिलेश यादव कन्नौज के तालग्राम नगर पंचायत में पहुंचे थे। यहां सपा के टिकट पर चेयरमैन बने मोहसिन खान जानू के घर उन्होंने मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा, "चंदौली में हमने देखा कि एक किन्नर को बेईमानी से हराया गया तो किन्नर समाज ने कपड़े उतारकर डंडा उठाया और पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया। यही भाजपा चाहती है कि जनता लोकतंत्र बचाने के लिए सड़क पर आ जाए। हम लोग लिहाज कर जाते हैं लेकिन शायद अब लिहाज से काम नहीं चलेगा।"
कन्नौज हो या मैनपुरी, सब जगह नंगा नाच हुआ
अखिलेश यादव ने कहा कि कन्नौज में भाजपा नेताओं ने चुनाव में नंगा नाच किया है। पहले मतदान के दौरान गड़बड़ी की फिर गिनती में घपले किए। यहां भाजपा विधायक महिला होकर ऐसा काम करती रही, जिससे पुरुष भी शार्मिंदा हो जाएं। भाजपा विधायक ने पोलिंग बूथ के अंदर जाकर फर्जी वोटिंग कराई। मैनपुरी में तो अफसरों ने काउंटिंग में गड़बड़ करके भाजपा को चुनाव जिता दिया।