27 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kannauj News: ग्रेटर नोएडा लौट रहा था परिवार, रास्ते में ट्रैक्टर ने मारी टक्कर: 3 दिन के बच्चे समेत 5 घायल

Kannauj Road Accident:छिबरामऊ के प्रेमपुर में विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने कार को टक्कर मारी। हादसे में नवप्रसूता, नवजात समेत पांच लोग घायल हुए। माया देवी व रोशनी की हालत गंभीर होने पर तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

2 min read
Google source verification

अस्पताल में भर्ती घायल

छिबरामऊ/कन्नौज। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के प्रेमपुर के पास रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रैक्टर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में कार सवार नवप्रसूता महिला, उसके तीन दिन के नवजात, पति, सास और मौसी समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को आनन-फानन में छिबरामऊ के सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दो महिलाओं की हालत नाजुक देख उन्हें कन्नौज स्थित तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बाकी घायलों का इलाज सौ शैय्या अस्पताल में ही चल रहा है।

ग्रेटर नोएडा लौट रहा था परिवार, रास्ते में हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा निवासी सौरभ सिंह (34) अपनी पत्नी रोशनी (30) की डिलीवरी कराने के लिए चार दिन पहले ससुराल आए थे। रोशनी का मायका गुरसहायगंज के पास आलमपुर गहलोत में है। 25 अप्रैल को कन्नौज के एक निजी अस्पताल में रोशनी ने सामान्य प्रसव से बेटे को जन्म दिया था।

रविवार शाम को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद सौरभ अपनी पत्नी रोशनी, तीन दिन के नवजात बेटे, मां माया देवी (52) और मौसी ममता (50) के साथ कार से वापस ग्रेटर नोएडा लौट रहे थे। तभी छिबरामऊ क्षेत्र में प्रेमपुर के पास सामने से गलत दिशा में आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी कार में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और सभी सवार लहूलुहान हो गए।

दो की हालत गंभीर, तिर्वा रेफर

हादसे में सौरभ, नवप्रसूता रोशनी, नवजात, माया देवी और ममता गंभीर रूप से घायल हो गए। सौ शैय्या अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद माया देवी और रोशनी की हालत गंभीर बताते हुए दोनों को हायर सेंटर तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। नवजात और अन्य दो घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक नवजात खतरे से बाहर है।

ट्रैक्टर चालक मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची छिबरामऊ पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गौरतलब है कि प्रेमपुर के पास हाईवे पर आए दिन विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं, लेकिन इसके बाद भी इस पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।