26 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

फर्जी RBI अफसर बनकर उड़ाए ₹95 लाख, लग्जरी लाइफ जी रहे पति-पत्नी को दबोच लाई कानपुर पुलिस

Cyber Fraud: फर्जी RBI अधिकारी बनकर लोगों से पॉलिसी रिफंड के नाम पर करीब 95 लाख रुपए की साइबर ठगी करने वाले पति-पत्नी को कानपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से फर्जी दस्तावेज, मोबाइल, लैपटॉप, चेकबुक और लग्जरी कार बरामद हुई है।

2 min read
Google source verification
RBI Fraud, Kanpur News

फर्जी RBI अधिकारी बनकर ठगी करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार (Image: Patrika)

कानपुर में साइबर सेल सेन्ट्रल जोन और नजीराबाद थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्जी RBI अधिकारी बनकर करीब 95 लाख रुपए की साइबर ठगी करने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी दस्तावेज, मोबाइल फोन, लैपटॉप, चेकबुक और एक लग्जरी कार बरामद की है। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्हें एक फर्जी RBI अधिकारी बनकर कॉल किया गया था। आरोपियों ने बंद हो चुकी बीमा पॉलिसी का पैसा वापस दिलाने का झांसा दिया और भरोसा जीतने के लिए फर्जी RBI नोटिस और दस्तावेज भेजे। इसके बाद अलग-अलग बहानों से उनसे लाखों रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।

ऐसे रचा गया ठगी का पूरा खेल

जांच में सामने आया कि आरोपी दीपक सिंह खुद को रिजर्व बैंक का मैनेजर बताकर लोगों से संपर्क करता था। वह फर्जी नामों और नकली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर लोगों को निवेश और पॉलिसी रिफंड का लालच देता था। जैसे ही पीड़ित उसके झांसे में आते, वह रकम अपने खाते में मंगवाकर तुरंत पत्नी आंचल सिंह के खाते में ट्रांसफर कर देता था। दोनों पति-पत्नी बाद में कैश निकालकर रकम खर्च करते थे।

साइबर सेल टीम ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और ट्रांजेक्शन की जांच के बाद आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद दोनों को जेके मंदिर क्षेत्र के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली।

बरामद हुए फर्जी दस्तावेज और लग्जरी कार

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से HP कंपनी का लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, इंडसइंड बैंक और यूनियन बैंक की चेकबुक, यूनियन बैंक का एटीएम कार्ड, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के फर्जी पत्र और महिंद्रा XUV 3XO कार बरामद की है। पुलिस का कहना है कि यह वाहन भी ठगी के पैसों से खरीदा गया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुल्तानपुर निवासी दीपक सिंह और जौनपुर निवासी उसकी पत्नी आंचल सिंह के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ नजीराबाद थाने में धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, आईटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।