7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कानपुर में बड़ा हादसा: रेलिंग तोड़कर नहर में गिरी बस, 15 से अधिक यात्री घायल

Kanpur Bus Accident:कानपुर के बिधनू में कर्मचारियों से भरी निजी बस को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे बस रामगंगा नहर में गिर गई। चीख-पुकार के बीच पुलिस और स्थानीय लोगों ने रस्सी-सीढ़ी के सहारे सभी 19 कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

2 min read
Google source verification

Kanpur News:बिधनू में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। साढ़ थाना क्षेत्र के कुढ़नी गांव से प्राइवेट कर्मचारियों को लेकर कानपुर देहात के रनियां स्थित फैक्टरी जा रही निजी बस को तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनियंत्रित बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे रामगंगा नहर में जा गिरी। बस के नहर में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई।

नहर में गिरते ही मच गया हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बिधनू क्षेत्र में रामगंगा नहर पुल पर किसान नगर मोड़ के पास हुआ। सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बस को टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। टक्कर लगते ही बस का संतुलन बिगड़ गया और वह रेलिंग तोड़कर नहर में जा गिरी।

बस में सवार कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलने लगे। कई यात्री पानी में फंस गए थे और मदद के लिए चिल्ला रहे थे। हादसे के बाद पुल पर मौजूद राहगीरों और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया।

रस्सी और सीढ़ी के सहारे निकाले गए कर्मचारी

सूचना मिलते ही बिधनू पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने नहर में रस्सियां और सीढ़ियां डलवाईं। इसके बाद एक-एक कर सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में बस सवार 19 कर्मचारियों की जान बाल-बाल बच गई।

कुढ़नी मोहम्मदपुर निवासी रामनरेश ने बताया कि सभी कर्मचारी ट्राइडेंट कंपनी की फैक्टरी में काम करने के लिए रोजाना की तरह बस से रनियां जा रहे थे। अचानक हुए हादसे से सभी घबरा गए थे, लेकिन समय रहते लोगों और पुलिस की मदद मिलने से बड़ा नुकसान टल गया।

हाईवे पर लगा लंबा जाम

हादसे के बाद हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन और अन्य संसाधनों की मदद से यातायात सामान्य कराने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

बिधनू थाना प्रभारी तेजबहादुर सिंह ने बताया कि सभी कर्मचारियों को सुरक्षित निकालकर बिधनू सीएचसी भेजा गया है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।