6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:विदेश भेजने का वादा,जेब कर दी खाली,11 लाख की ठगी,मुकदमा दर्ज

Job Scam:कानपुर के चकेरी में युवक से माल्टा में नौकरी दिलाने के नाम पर 11 लाख रुपये ठगे गए। फर्जी जॉइनिंग लेटर दिखाया गया। पैसे मांगने पर दो लाख लौटाए, बाकी के लिए धमकियां दी गईं, पुलिस जांच में जुटी है।

2 min read
Google source verification

कानपुर के चकेरी क्षेत्र में विदेश में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर युवक से 11 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने पहले दो लाख रुपये लौटाए, लेकिन शेष रकम देने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित की तहरीर पर चकेरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मंगला विहार फर्स्ट निवासी सूरज कुशवाहा के अनुसार, सितंबर 2023 में उनकी मुलाकात कृष्णानगर निवासी बलविंदर सिंह उर्फ सोनू के जरिए इटावा के प्रभात कुमार गौड़ से हुई थी। प्रभात ने अपने साथियों गोविंद, उसकी पत्नी और रोहित के साथ मिलकर सूरज को विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोपियों ने दावा किया कि उनका लखनऊ में कार्यालय है और वे यूरोप के माल्टा देश में ड्राइवर की नौकरी दिला सकते हैं, जहां तीन लाख रुपये मासिक वेतन मिलेगा।

झांसे में आकर सूरज ने शुरुआत में 10-10 हजार रुपये दिए। इसके बाद पासपोर्ट, वीजा और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर अलग-अलग किस्तों में लाखों रुपये जमा कराए गए। आरोप है कि बाद में आरोपियों ने फर्जी जॉइनिंग लेटर और फ्लाइट टिकट दिखाकर दो लाख रुपये और ले लिए। कुल मिलाकर 11 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।

काफी समय बीत जाने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी, तो सूरज ने अपने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपियों ने दो लाख रुपये लौटा दिए, लेकिन शेष रकम देने से साफ इनकार कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि गोविंद और उसकी पत्नी ने उसे झूठे छेड़छाड़ और दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी। इससे सूरज भयभीत हो गया और मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। उसने न्याय की गुहार लगाते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।

चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। जांच के दौरान सभी तथ्यों और साक्ष्यों को ध्यान में रखा जाएगा, ताकि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके। फिलहाल पुलिस टीम मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।