28 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:शराब के नशे में ‘सड़क से घर तक’ बवाल: पहले धमकी, फिर सिपाही की कार पर पत्थरों की बारिश

Kanpur Local Crime News:कानपुर के बिठूर में नशे में युवक ने सिपाही को धमकी देकर घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ कर दी। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

2 min read
Google source verification

नशे में युवक का हंगामा, सिपाही की कार में तोड़फोड़ (फोटो - सोशल मीडिया)

कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में एक युवक के शराब के नशे में उत्पात मचाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले रास्ते में सिपाही को रोकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी, फिर कुछ देर बाद उसके घर पहुंचकर कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

रास्ते में रोककर किया विवाद, नहीं माना समझाने पर

बिठूर निवासी और लखनऊ में तैनात सिपाही प्रवल प्रताप सिंह के अनुसार, वह 27 मार्च की शाम करीब 6:30 बजे बाजार से घर लौट रहे थे। तभी सूबेदार नगर के रहने वाले प्रियाशू उर्फ राजा ठाकुर ने उनकी गाड़ी के सामने आकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि वह शराब के नशे में था और आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। सिपाही ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन आरोपी उग्र होता गया और जान से मारने की धमकी देने लगा। हालात बिगड़ते देख सिपाही किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंच गए।

घर के बाहर खड़ी कार पर ईंटों से हमला, मचा हड़कंप

पीड़ित ने बताया कि कुछ देर बाद आरोपी उनके घर के बाहर पहुंच गया और खड़ी कार पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में कार के शीशे चकनाचूर हो गए और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, गिरफ्तारी के लिए दबिश

सूचना मिलते ही बिठूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सिपाही की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रियाशू उर्फ राजा ठाकुर पुत्र अजीत सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस. एम. कासिम आबिदी ने बताया कि दोनों पक्षों के मकान आमने-सामने हैं और घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था। पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद वह दोबारा आकर कार पर पत्थर बरसाने लगा। पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।