2 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:सपने टूटे, हल्दी लगी रह गई: दहेज में बाइक-नकदी न मिलने पर दूल्हे ने तोड़ी शादी,मुकदमा दर्ज

Dowry Dispute:कानपुर के कल्याणपुर में दहेज की अतिरिक्त मांग के चलते शादी से एक दिन पहले रिश्ता टूट गया। लड़के पक्ष ने सात लाख रुपये और बाइक मांगी। असमर्थता पर बरात से इनकार, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Google source verification

सांकेतिक फोटो

कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर शादी से एक दिन पहले रिश्ता टूट गया। आरोप है कि लड़के पक्ष ने सात लाख रुपये नकद और एक स्पोर्ट्स बाइक की अतिरिक्त मांग रखी। लड़की के पिता द्वारा असमर्थता जताने पर बरात लाने से इनकार कर दिया गया। घटना से लड़की पक्ष को गहरा झटका लगा। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

तैयारियों के बीच आई मांग, परिवार रह गया सन्न

जानकारी के अनुसार कल्याणपुर निवासी युवती की शादी सत्यम विहार निवासी सौरभ सिंह के साथ तय हुई थी। 26 अप्रैल को बरात आनी थी और लड़की पक्ष के लोग पूरी तैयारियों में जुटे थे। शनिवार देर शाम अचानक सौरभ के परिजनों ने फोन कर सात लाख रुपये नकद और एक स्पोर्ट्स बाइक दहेज में अतिरिक्त देने की मांग रख दी। लड़की के पिता ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए असमर्थता जताई, जिसके बाद लड़के पक्ष ने शादी से पीछे हटने का फैसला ले लिया। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से लड़की पक्ष में अफरा-तफरी मच गई।

मान-मनौव्वल के बावजूद नहीं माने लड़के वाले

घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच रिश्तेदारों ने सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। आरोप है कि लड़के पक्ष अपने रुख पर अड़ा रहा और बरात लाने से साफ इनकार कर दिया। इससे लड़की पक्ष को सामाजिक और मानसिक रूप से भारी झटका लगा।

थाने पहुंचा मामला, मुकदमा दर्ज

रविवार को पीड़ित पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचा और हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार युवती के पिता की तहरीर पर आरोपी सौरभ सिंह, उसके भाई गौरव और अन्य परिजनों के खिलाफ दहेज निषेध अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

एसीपी आशुतोष कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।