
सफाई का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने में जुटा नगर निगम
कानपुर। शहर में सफाई का अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जाएगा. इसके लिए नगर निगम ने पूरी तरह से कमर कस ली है और तैयारी भी शुरू कर दी है. इस क्रम में बताया गया है कि 28 सितंबर से इस अभियान की शुरुआत कर दी जाएगी. इसके लिए शहर के कई बड़े बाजारों को भी चयनित किया जा रहा है. इतना ही नहीं, ये भी बताया गया है कि इसको लेकर 110 घंटों तक लगातार सफाई की जाएगी. इसमें कई शिफ्ट में सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी. ये कर्मचारी मिलकर सफाई के काम को पूरा करेंगे और इस अभियान को पूरा करने में अपना सहयोग देंगे.
यहां चलाया जा चुका है अभियान
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभी तक प्रदेश में लखनऊ में 31 घंटे, सिकंदराबाद में 36 घंटे और बुलंदशहर में 101 घंटे का सफाई अभियान चलाया जा चुका है. इसको लेकर नगर निगम अधिकारी स्वच्छ भारत अभियान के तहत बड़ा कदम मान रहे हैं. इससे शहर के स्वरूप में तो अंतर आएगा ही, साथ ही साथ लोगों की मानसिकता पर भी असर पड़ेगा. वहीं अभियान के दौरान स्वच्छ भारत अभियान का भी प्रचार व प्रसार बड़े पैमाने पर किया जाएगा, जिससे लोगों को भी प्रेरणा मिल सके और वह भी सफाई व्यवस्था को बरकरार रखने में अपनी मदद कर सकें.
28 सितंबर से होगी शुरुआत
28 सितंबर को इस सफाई अभियान की शुरुआत की जाएगी और 4 दिन 14 घंटे सफाई के बाद इस महाअभियान को 2 अक्टूबर गांधी जयंती के दिन समाप्त किया जाएगा. इस अभियान में लगभग 350 से ज्यादा सफाई कर्मचारियों को लगाया जाएगा. इस अभियान के लिए शहर के बड़े बाजारों की सफाई की प्लानिंग की जा रही है. अपर नगर आयुक्त अमृत लाल बिंद ने बताया कि इस अभियान को लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा. अभी तक ऐसा सफाई अभियान वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल नहीं किया गया है.
Published on:
12 Sep 2018, 4:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.