
सांकेतिक फोटो
कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र के विद्यार्थी नगर इलाके में किराए के कमरे में रहकर नीट की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमित कुमार पटेल के रूप में हुई है, जो मूलरूप से वाराणसी के मिर्जा मुराद थाना क्षेत्र के गणेशपुर बेनीपुर गांव का रहने वाला था।
अमित बीते दो साल से पनकी के विद्यार्थी नगर में किराए पर कमरा लेकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की तैयारी कर रहा था। उसके साथ उसका बड़ा भाई अजीत भी रहता था, जो पीएसआईटी से बीटेक फाइनल ईयर का छात्र है। करीब दो महीने पहले अजीत गांव वापस चला गया था। इसके बाद से अमित कमरे में अकेला रह रहा था।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार को अजीत कानपुर आने के लिए निकला था। रास्ते में उसने कई बार अमित को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शाम करीब 6 बजे जब अजीत कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर का नजारा देख उसके होश उड़ गए। अमित का शव कुर्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था।
शव देखकर अजीत की चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही पनकी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। इस बीच अन्य परिजन भी आ गए। उन्होंने सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि अमित आत्महत्या नहीं कर सकता। किसी ने साजिश के तहत उसकी जान ली है।
अमित के बड़े भाई अरविंद ने बताया कि अमित पढ़ने में बहुत होशियार था। डॉक्टर बनने का सपना लेकर वह कानपुर आया था। दो साल से दिन-रात मेहनत कर रहा था। परिवार को उसकी मौत की खबर से गहरा सदमा लगा है। गांव में मातम पसरा है।फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।
पनकी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं। कमरे का दरवाजा खुला होना और शव की स्थिति कई सवाल खड़े कर रही है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।
इंस्पेक्टर ने कहा कि अभी मौत के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने अमित का मोबाइल कब्जे में ले लिया है। कॉल डिटेल और चैट खंगाली जा रही है। आसपास के लोगों और मकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है।
Updated on:
05 May 2026 02:55 pm
Published on:
05 May 2026 02:54 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
