
कानपुर में साइबर ठगों ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। इस बार ठगी का तरीका इतना चौंकाने वाला है कि कोई भी आसानी से इसके झांसे में आ सकता है। कल्याणपुर आवास विकास-तीन क्षेत्र में रहने वाली एक महिला को पुराने सिक्कों की भारी कीमत दिलाने का लालच देकर ठगों ने जाल बिछाया।
पीड़िता मनु के मुताबिक, उन्होंने फेसबुक पर “ओल्ड क्वाइन कंपनी” नाम का एक पेज देखा, जिसमें पुराने सिक्कों और नोटों को लाखों रुपये में खरीदने का दावा किया गया था। जिज्ञासावश उन्होंने दिए गए व्हाट्सएप नंबर पर अपने पास मौजूद 10 रुपये के दो सिक्कों की फोटो भेज दी। कुछ ही देर बाद उनके पास कॉल आया, जिसमें ठगों ने उन सिक्कों की कीमत 24 लाख रुपये बताई। यह सुनकर मनु हैरान रह गईं और उन्हें शक हुआ कि कहीं यह ठगी का जाल तो नहीं है।
विश्वास जीतने के लिए ठगों ने खुद को अधिकृत संस्था से जुड़ा बताते हुए कथित सरकारी अनुमति पत्र और स्कैनर से संबंधित दस्तावेजों की कॉपी महिला को भेजी। इसके बाद उन्होंने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 750 रुपये जमा कराने की मांग की। ठगों ने भरोसा दिलाया कि 24 से 48 घंटे के भीतर उनकी टीम घर पहुंचकर पुराने सिक्कों के बदले नकद भुगतान करेगी। लगातार फोन कर मानसिक दबाव बनाने पर महिला उनके झांसे में आ गई और दिए गए क्यूआर कोड पर 750 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
अगले दिन ठगों ने फिर महिला से संपर्क कर 3999 रुपये की अतिरिक्त मांग की। इस बार उन्होंने बड़े लेनदेन के लिए जरूरी दस्तावेज तैयार कराने का बहाना बनाया। बार-बार पैसों की मांग और जल्दबाजी दिखाने पर महिला को शक हुआ। उन्होंने तुरंत परिजनों को पूरी जानकारी दी। परिजनों ने जांच-पड़ताल की तो मामला संदिग्ध निकला और ठगी की साजिश का खुलासा हो गया। महिला समय रहते सतर्क हो गईं और किसी भी तरह की रकम जमा नहीं की। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की सूचना साइबर सेल को देकर शिकायत दर्ज करा दी।
वहीं, कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर साइबर टीम की मदद से जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
12 Apr 2026 08:32 pm
Published on:
12 Apr 2026 08:32 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
