7 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शादी के बाद खुला ऐसा राज, दुल्हन के सामने रखी गई खौफनाक शर्त, कानपुर का चौंकाने वाला मामला

Dowry Harassment Case:कानपुर के चकेरी में विवाहिता ने पति और ससुरालियों पर बीमारी छिपाकर शादी करने, दहेज लेने और बाद में 30 लाख रुपये या किडनी मांगने का आरोप लगाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Google source verification

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसकी शादी 22 जून 2023 को लखनऊ के चिनहट निवासी युवक से हुई थी, लेकिन शादी से पहले उसकी गंभीर बीमारी को छिपाया गया। विवाह के दौरान लड़की पक्ष ने नकद, जेवर और महंगी कार सहित लाखों रुपये खर्च किए। इसके अलावा शादी की व्यवस्थाओं के नाम पर भी अलग से बड़ी रकम ली गई। पीड़िता का कहना है कि पूरे रिश्ते की नींव ही झूठ पर रखी गई, जिसका खुलासा शादी के बाद धीरे-धीरे हुआ।

ससुराल पहुंचते ही बदला माहौल, अजीब व्यवहार से बढ़ा शक

शादी के बाद जब पीड़िता ससुराल पहुंची तो उसे सामान्य वैवाहिक जीवन की जगह असहज और हैरान करने वाली स्थितियों का सामना करना पड़ा। उसने बताया कि पति का व्यवहार असामान्य था और लंबे समय तक दोनों के बीच वैवाहिक संबंध नहीं बने। घर का माहौल भी असहज बताया गया, जहां निजता का अभाव था। पीड़िता के अनुसार, कई बार उसे डराने और मानसिक रूप से परेशान करने की कोशिश की गई। इन घटनाओं के चलते उसे धीरे-धीरे यह महसूस होने लगा कि उससे कोई बड़ी सच्चाई छिपाई जा रही है।

मेडिकल फाइल से खुली सच्चाई, पहले से चल रहा था इलाज

पीड़िता ने आरोप लगाया कि संदेह बढ़ने पर उसने घर में रखी एक मेडिकल फाइल देखी, जिससे पूरा सच सामने आया। फाइल के अनुसार, उसके पति की दोनों किडनी खराब हैं और वह लंबे समय से इलाज व डायलिसिस करा रहा है। साथ ही उसे नशे की लत होने की बात भी सामने आई। यह जानकारी शादी से पहले नहीं दी गई थी। पीड़िता का कहना है कि अगर यह सच्चाई पहले बताई जाती तो वह यह रिश्ता कभी स्वीकार नहीं करती। इस खुलासे के बाद विवाद और बढ़ गया।

30 लाख या किडनी की मांग, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

सच्चाई सामने आने के बाद जब पीड़िता और उसके परिवार ने विरोध किया तो आरोप है कि ससुराल पक्ष ने 30 लाख रुपये लाने या किडनी देने का दबाव बनाया। लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता अक्टूबर 2024 में अपने मायके लौट आई। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके जेवर भी रोक लिए गए। मामले में पुलिस ने पति और अन्य ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारी का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

क्या बोले एसीपी चकेरी

वही पूरे मामले को लेकर चकेरी एसीपी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पति और अन्य आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मेडिकल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है।