
प्रतीकात्मक फोटो
कानपुर के ककवन रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में शनिवार देर रात एक निकाह समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब दावत के दौरान लेग पीस को लेकर बरातियों और जनातियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि कुर्सियां और बर्तन तक चलने लगे और कई लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बारामऊ गांव निवासी एक बुजुर्ग ने अपनी बेटी का निकाह बिल्हौर निवासी युवक से तय किया था। शनिवार को बरात गेस्ट हाउस पहुंची और निकाह की रस्म शांतिपूर्वक संपन्न हुई। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन जयमाल के लिए मंच पर पहुंचे, जबकि मेहमान दावत का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान खाने में लेग पीस और गोश्त को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।विवाद इतना बढ़ गया कि बराती पक्ष के कुछ युवकों ने जनाती पक्ष पर कुर्सियों और बर्तनों से हमला कर दिया। इस झगड़े में पिता-पुत्र समेत कई लोग घायल हो गए। माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया और गेस्ट हाउस में अफरा-तफरी मच गई।
उधर, जब दूल्हे को इस मारपीट की जानकारी मिली तो वह भी गुस्से में आ गया और उसने जयमाल मंच से ही नाराजगी जताई। इस घटना के बाद निकाह में शामिल लोग दो गुटों में बंट गए और देर रात तक गेस्ट हाउस में कहासुनी और हंगामा चलता रहा।हालांकि कुछ समय बाद दूल्हा नरम पड़ा और उसने ससुर समेत अन्य लोगों से माफी मांगते हुए उनके पैर छुए, लेकिन तब तक मामला काफी बिगड़ चुका था। दुल्हन पक्ष ने साफ कर दिया कि वे अपनी बेटी की विदाई नहीं करेंगे और दूल्हे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। हालांकि बाद में ग्रामीण व पुलिस के समझने के बाद विवाद शांत हआ।
थाना प्रभारी सुधीर कुमार के अनुसार,ककवन रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित निकाह कार्यक्रम के दौरान भोजन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसे परिजनों द्वारा आपसी सहमति से निस्तारित कर लिया गया। निकाह सकुशल संपन्न हुआ है।गेस्ट हाउस में मौजूद कुछ नशे में धुत लोगों को बाहर निकाला गया। फिलहाल, किसी भी पक्ष की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
Updated on:
12 Apr 2026 09:33 am
Published on:
12 Apr 2026 06:30 am
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
