27 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पनकी पावर प्लांट मजदूर की संदिग्ध मौत, बिना पोस्टमार्टम शव ले जाते समय झांसी से लौटी एंबुलेंस, कानपुर में हुआ पोस्टमार्टम

Panki Power Plant Worker Death:पनकी पावर प्लांट के तमिलनाडु निवासी मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शव को बिना पोस्टमार्टम ले जाया जा रहा था, लेकिन झांसी से लौटकर पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया है।

2 min read
Google source verification

कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र स्थित पावर प्लांट में कार्यरत तमिलनाडु निवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार सुबह वह अपने कमरे में बेसुध हालत में पड़ा मिला। काम पर न पहुंचने पर साथी जब उसे देखने पहुंचा तो स्थिति का खुलासा हुआ। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को परिजनों के पास तमिलनाडु ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन रास्ते में कानूनी प्रक्रिया की जानकारी मिलने पर एंबुलेंस को झांसी से वापस लौटना पड़ा।

काम पर न पहुंचने पर साथी ने की जांच

मृतक की पहचान तमिलनाडु निवासी 54 वर्षीय सोमासुंदरम अन्नामलाई के रूप में हुई है। वह करीब पांच माह पहले पनकी पावर प्लांट में मजदूरी करने आया था। साथी मुर्मन के अनुसार गुरुवार सुबह करीब नौ बजे जब वह काम पर नहीं पहुंचा तो चिंता हुई। वह उसके क्वार्टर पर पहुंचा, जहां दरवाजा खुलवाने पर सोमासुंदरम अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद साथियों में शोक की लहर दौड़ गई।

पहले से बीमार था मजदूर

साथियों के मुताबिक मृतक सोमासुंदरम को पहले से शुगर और ब्लड प्रेशर की बीमारी थी। आशंका जताई जा रही है कि अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उसकी मौत हुई होगी। हालांकि, स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। मजदूर के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई थी। इसके बाद साथी और परिचित शव को एंबुलेंस से तमिलनाडु ले जाने के लिए रवाना हुए। सभी लोग अंतिम संस्कार की तैयारी में थे, लेकिन रास्ते में मिली एक जानकारी ने पूरे मामले को बदल दिया।

झांसी से लौटकर कराया गया पोस्टमार्टम

जब शव को तमिलनाडु ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में जानकारी मिली कि बिना पोस्टमार्टम कराए शव ले जाने पर आगे कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकेगी। इस पर एंबुलेंस को झांसी से ही वापस कानपुर लौटाया गया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान पुलिस को पंचनामा भरने में भाषाई समस्या का सामना करना पड़ा, क्योंकि मृतक के साथी हिंदी नहीं समझ पा रहे थे। थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया है।