31 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का खुलासा, 6 गिरफ्तार, 4 फरार,विदेश तक फैला नेटवर्क

Kidney Trafficking Racket:कानपुर में अवैध किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का खुलासा हुआ। छह आरोपी गिरफ्तार, चार फरार हैं। गिरोह गरीबों को लालच देकर किडनी निकालता और मरीजों को महंगे दामों में बेचता था। साउथ अफ्रीका कनेक्शन से अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क उजागर हुआ।

2 min read
Google source verification

किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट के आरोपी गिरफ्तार (फोटो- पत्रिका)

कानपुर। शहर में गरीब और जरूरतमंद लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर किडनी निकालने और उसे मोटी रकम में बेचने वाले संगठित गिरोह का बड़ा पर्दाफाश हुआ है। रावतपुर पुलिस, सीएमओ टीम और डीसीपी वेस्ट की सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन निजी अस्पतालों—अहूजा अस्पताल, प्रिया अस्पताल और मिड लाइफ अस्पताल—पर देर रात छापेमारी कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, इस रैकेट में शामिल अन्य 4 आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

सुनियोजित तरीके से करते थे काम

पुलिस के मुताबिक मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना थी कि कुछ अस्पतालों में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को पैसों का लालच या इलाज का झांसा देकर उनकी किडनी निकाली जाती है और फिर उसे जरूरतमंद मरीजों को ऊंची कीमत पर बेचा जाता है। छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों में डॉ. सुरजीत सिंह अहूजा (54) उनकी पत्नी डॉ. प्रीति अहूजा (50), डॉ. राजेश कुमार (44), डॉ. राम प्रकाश (40), डॉ. नरेन्द्र सिंह (35) और शिवम अग्रवाल (32) शामिल हैं। जिसमें शिवम अग्रवाल एम्बुलेंस संचालक है और खुद को डॉक्टर बताकर इस नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में दवाइयां और करीब 1.75 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से काम करता था, जिसमें डॉक्टरों के साथ बिचौलियों का भी अहम रोल था।

4 अस्पताल संचालक थे शामिल

पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि रावतपुर पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में किडनी ट्रांसप्लांट से जुड़े एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया गया है। उन्होंने बताया कि कल्याणपुर-रावतपुर क्षेत्र से कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 4 अस्पताल संचालक शामिल हैं। साथ ही, इस प्रकरण में संलिप्त अन्य 4 डॉक्टरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

साउथ अफ्रीका की एक महिला ने भी कराया था किडनी ट्रांसप्लांट

प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। आशंका जताई जा रही है कि शहर के विभिन्न निजी अस्पतालों में अब तक करीब 40 से 50 अवैध किडनी ट्रांसप्लांट किए जा चुके हैं। इतना ही नहीं, जांच में यह भी सामने आया है कि साउथ अफ्रीका की एक महिला ने भी यहां आकर किडनी ट्रांसप्लांट कराया था। इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि यह नेटवर्क देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक फैला हुआ है। पुलिस के अनुसार पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों और संस्थानों की पहचान की जा सके। फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करते हुए मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

आरोपी भेजे गए जेल

पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि इस संबंध में थाना रावतपुर में मुकदमा संख्या 121/26 के तहत मानव अंग प्रत्यारोपण अधिनियम 1994 की धारा 18, 19 और 20 सहित बीएनएस की अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। फरार अन्य चार को भी जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।