
सांकेतिक फोटो
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा नगर के एक अपार्टमेंट परिसर में बेजुबान श्वान ‘पिंकी’ की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। पशु प्रेमी संस्था ‘उम्मीद एक किरण’ ने आरोप लगाया है कि अपार्टमेंट प्रबंधक और सुरक्षा गार्ड की लापरवाही के चलते पिंकी की जान गई। संस्था की शिकायत पर पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिसर में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना ने पशु सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
संस्था के संस्थापक मंयक त्रिपाठी के अनुसार, ‘पिंकी’ अपार्टमेंट परिसर में रहती थी और 13 मई को अचानक परिसर के नाले में गिर गई। आरोप है कि इस दौरान अपार्टमेंट के प्रबंधक और सुरक्षा गार्ड ने नाले का मुंह पत्थरों से बंद कर दिया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सकी। आरोप यह भी है कि नाले में फंसी ‘पिंकी’ करीब तीन दिनों तक भूख और प्यास से जूझती रही। लगातार बिगड़ती हालत के बाद उसकी मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही पशु संरक्षण संस्था मौके पर पहुंची और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बेजुबान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कल्याणपुर एसीपी आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अपार्टमेंट प्रबंधक दुर्गेश, सुरक्षा गार्ड सहित तीन लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों में गहरा आक्रोश है। सोशल मीडिया पर भी लोग लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की अपील कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई होगी।
Published on:
19 May 2026 12:15 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
