
कानपुर नगर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगाम लगाने के लिए पुलिस और यातायात विभाग ने बड़ा अभियान चलाया। दो दिनों तक चले इस विशेष चेकिंग अभियान में मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और अवैध हूटर लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने शहर के अलग-अलग चौराहों और तिराहों पर सघन जांच अभियान चलाते हुए कुल 578 वाहनों का चालान किया।
कानपुर नगर पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों ने 16 मई 2026 से 17 मई 2026 तक विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शहर के व्यस्त इलाकों, प्रमुख चौराहों और तिराहों पर वाहनों की गहन जांच की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और तेज आवाज वाले वाहनों से होने वाले ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण करना था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कई वाहन चालक नियमों को ताक पर रखकर मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे वाहनों की पहचान कर मौके पर ही कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सबसे ज्यादा कार्रवाई दोपहिया वाहनों में लगे मॉडिफाइड साइलेंसर पर की गई। पुलिस ने ऐसे बाइक चालकों को रोककर उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की। इसके अलावा ट्रकों और भारी वाहनों में लगे अवैध प्रेशर हॉर्न को भी जांच के दायरे में रखा गया।
यातायात पुलिस का कहना है कि तेज आवाज वाले हॉर्न और साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी परेशानी का कारण बनते हैं। कई बार इससे दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है।
अभियान के दौरान निजी वाहनों पर अनधिकृत रूप से लगी लाल-नीली बत्ती और हूटर लगाने वालों के खिलाफ भी सख्ती दिखाई गई। पुलिस ने ऐसे वाहनों को रोककर चालान किया और कई मामलों में मौके पर ही अवैध उपकरण हटवाए गए।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि बिना अनुमति किसी भी निजी वाहन पर हूटर या वीआईपी बत्ती लगाना नियमों के खिलाफ है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने कहा कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को सुरक्षित माहौल देने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वाहनों में किसी भी प्रकार के अवैध उपकरणों का इस्तेमाल न करें, ताकि सड़क पर अनुशासन और सुरक्षा बनी रहे।
Published on:
18 May 2026 06:59 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
