28 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News: दिखावटी विकास’ पर शिवपाल का वार, बोले—आजम खां का कद अडिग,जेवर एयरपोर्ट सिर्फ प्रचार

Shivpal Singh Yadav:कानपुर के होली-ईद मिलन समारोह में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने जेवर एयरपोर्ट को दिखावटी विकास बताया। साथ ही आजम खां का समर्थन करते हुए उन्हें सपा का बड़ा नेता बताया और सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई व कानून व्यवस्था को लेकर निशाना साधा।

2 min read
Google source verification

कानपुर। चुन्नीगंज स्थित जीआईसी मैदान पर आयोजित होली एवं ईद मिलन समारोह में सियासी माहौल उस समय गरमा गया, जब समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने मंच से भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत ही जेवर एयरपोर्ट परियोजना पर सवाल उठाते हुए की और इसे “दिखावटी विकास” करार दिया।

जेवर एयरपोर्ट पर सवाल, बताया ‘दिखावटी विकास’

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि सरकार बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स का प्रचार कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर आम जनता की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर सिर्फ दिखावा किया जा रहा है, जबकि रोजगार, महंगाई और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

आजम खां पर स्पष्ट संदेश, ‘उनका स्थान कोई नहीं ले सकता’

कार्यक्रम के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी के वरिष्ठ नेता मो. आजम खां को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आजम खां आज भी समाजवादी पार्टी के मजबूत स्तंभ हैं और उनका स्थान कोई नहीं ले सकता। नसीमुद्दीन सिद्दीकी को आजम खां से ज्यादा तवज्जो देने की बात को उन्होंने पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि “ऐसी बातें करने वालों की नजर में ही कमी है।”

रोजगार और महंगाई पर सरकार घिरी

शिवपाल सिंह यादव ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को पक्की नौकरी देने के नाम पर केवल वादे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों को गैस सिलिंडर जैसी जरूरी चीजों के लिए भी कई-कई दिन तक लाइन में लगना पड़ रहा है।

कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल

शिवपाल सिंह यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं और खासकर महिलाओं के खिलाफ दुष्कर्म जैसी घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों को बचाने में सरकार और पुलिस की भूमिका संदेह के घेरे में है।

कार्यक्रम में पहुंचे नेताओं का स्वागत विधायक नसीम सोलंकी, पूर्व विधायक इरफान सोलंकी समेत अन्य पदाधिकारियों ने किया। इस दौरान शिवपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं से पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को मजबूत करने का आह्वान किया और कहा कि इसकी एकजुटता से भाजपा घबराई हुई है।अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनहित के मुद्दों को उठाने और आगामी चुनावों के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की।