
रंगदारी विवाद में ट्रक चालक पर फायरिंग (फोटो -AI)
कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में रंगदारी न देने पर दबंगों द्वारा ट्रक चालक पर फायरिंग किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मिट्टी ढुलाई कर रही एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के चालक को निशाना बनाते हुए देर रात फायर झोंका गया। इस मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों समेत 4-5 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित अभिषेक चतुर्वेदी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी फर्म ‘जय श्री राम कंस्ट्रक्शन कंपनी’ को चौबेपुर क्षेत्र के ग्राम डिगरापुर में मिट्टी ढुलाई का अनुज्ञापत्र मिला हुआ है। आरोप है कि क्षेत्र के रहने वाले राजेश यादव द्वारा बीते कई दिनों से लगातार रंगदारी की मांग की जा रही थी। आरोपी का कहना था कि इलाके में काम करना है तो उसे पैसे देने होंगे, अन्यथा काम बंद करवा दिया जाएगा। लगातार मिल रही धमकियों के चलते कंपनी के कर्मचारी दहशत में थे।
घटना 27 मार्च की देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। तहरीर के अनुसार, विन्धवासिनी फिलिंग स्टेशन, गंभीरपुर के पास राजेश यादव, विशेष यादव निवासी गुनऊपुरवा और शुभम यादव निवासी गंभीरपुर अपने 4-5 अज्ञात साथियों के साथ पहुंचे। आरोपियों ने कंपनी के ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक द्वारा ट्रक न रोकने पर आरोपियों ने अवैध असलहे से फायरिंग कर दी। इस दौरान चालक किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से निकल गया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की सूचना मिलते ही कंपनी संचालक मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। बिठूर थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर राजेश यादव, विशेष यादव, शुभम यादव समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Updated on:
28 Mar 2026 02:31 pm
Published on:
28 Mar 2026 02:17 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
