22 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चलती ऑटो में लूट,फिर सड़क पर फेंका,चालक गिरफ्तार

Kanpur Crime News:पनकी क्षेत्र में ऑटो चालक ने साथियों संग कौशांबी के यात्री से मारपीट कर 15 हजार रुपये लूटे और चलती ऑटो से फेंक दिया। पुलिस ने फरार चालक को ऑटो समेत गिरफ्तार कर जेल भेजा, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

less than 1 minute read
Google source verification

कानपुर। रात के सन्नाटे में सवारी को सुरक्षित मंज़िल तक पहुंचाने का भरोसा देने वाली ऑटो ही वारदात का हथियार बन गई। पनकी थाना क्षेत्र में कौशांबी से आए एक यात्री से ऑटो चालक ने अपने साथियों संग मिलकर मारपीट कर लूट की और चलती ऑटो से बाहर फेंक दिया। मामले में फरार चल रहे ऑटो चालक को पुलिस ने ऑटो समेत गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जोधपुर से पहुंचे थे कानपुर -

कौशांबी के फजिलपुर गोपालपुर उदहीन बुजुर्ग निवासी गोविंद यादव के मुताबिक, वह बीते बुधवार तड़के करीब तीन बजे जोधपुर से ट्रेन द्वारा कानपुर सेंट्रल पहुंचे थे। सिंहपुर चकरपुर मंडी स्थित जीजा के घर जाने के लिए उन्होंने एक ऑटो किया। ऑटो में चालक समेत चार युवक पहले से सवार थे। कुछ दूरी तय करते ही आरोपियों ने छीना-झपटी शुरू कर दी। विरोध करने पर गोविंद के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और जेब में रखे 15 हजार रुपये व बैग छीन लिया गया। वारदात के बाद भौती बाईपास के पास उन्हें चलती ऑटो से नीचे फेंक दिया गया।

अंडरपास के नीचे से हुई गरफ्तारी -

पीड़ित की तहरीर पर पनकी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। भोर सुबह पुलिस ने राजेंद्र नगर अर्रा निवासी ऑटो चालक प्रभात कश्यप (21) को पनकी पतंजलि गोदाम के पास अंडरपास के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो और 2100 रुपये बरामद हुए हैं।

अन्य की तलाश जारी -

थाना प्रभारी मनोज भदौरिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। शेष फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।