4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur Weather:शाम होते ही बदला मौसम का मिजाज:कुछ ऐसा हुआ कि थम गई कानपुर की रफ्तार

Kanpur Storm:कानपुर में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित हुआ। कई जगह पेड़ गिरने से यातायात बाधित रहा और बिजली आपूर्ति ठप हो गई। हालांकि बारिश से गर्मी से राहत मिली, लेकिन हालात कुछ समय के लिए बिगड़ गए।

2 min read
Google source verification

कानपुर में शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश व ओलावृष्टि ने शहर को हिला कर रख दिया। शाम करीब पांच बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में ओले गिरने लगे, जिससे अचानक अंधेरा सा माहौल बन गया और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई इलाकों में पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया, जबकि बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। मौसम के इस अचानक बदलाव ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया।

तेज आंधी ने शहर की रफ्तार थाम दी। नवाबगंज, किदवई नगर, कल्याणपुर और रावतपुर समेत कई इलाकों में पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। बीच रास्ते में फंसे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रुकना पड़ा। तेज हवाओं के कारण दोपहिया सवार कई जगह असंतुलित होकर गिरते-पड़ते नजर आए। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी बड़े हादसे या जनहानि की सूचना नहीं मिली, लेकिन अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई जगहों पर होर्डिंग्स और टीन शेड भी उड़ गए। बाजारों में दुकानदारों को अचानक अपनी दुकानें बंद करनी पड़ीं, वहीं राहगीर बारिश और ओलों से बचने के लिए इधर-उधर शरण लेते दिखाई दिए। तेज हवाओं के कारण शहर की बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

हालांकि इस बारिश से पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत जरूर मिली है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। लेकिन आंधी और ओलावृष्टि के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।वही नगर निगम की टीमें सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाने में जुट गई हैं। साथ ही बिजली विभाग को भी आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।