16 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:ट्रेन में सीट की टेंशन खत्म! गर्मियों की भीड़ के बीच रेलवे ने चला दीं 6 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

Indian Railways:गर्मियों की छुट्टियों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को राहत देते हुए छह जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। ये ट्रेनें गोविंदपुरी स्टेशन होकर गुजरेंगी और विशाखापट्टनम, रांची, हावड़ा, टाटानगर, दिल्ली व आनंद विहार के बीच चलेंगी।

2 min read
Google source verification
Special Train News

सांकेतिक फोटो

Summer Special Trains:कानपुर में गर्मियों की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। उत्तर-मध्य रेलवे ने छह जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। ये विशेष ट्रेनें विशाखापट्टनम, टाटानगर, रांची, हावड़ा, आनंद विहार और नई दिल्ली के बीच चलाई जाएंगी। खास बात यह है कि सभी ट्रेनें कानपुर के गोविंदपुरी स्टेशन होकर गुजरेंगी, जिससे शहर और आसपास के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक मई के अंतिम सप्ताह में ट्रेनों में यात्रियों का दबाव तेजी से बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की गई है ताकि यात्रियों को लंबी वेटिंग और भीड़भाड़ से राहत मिल सके। इन ट्रेनों में आरक्षण की सुविधा भी शुरू कर दी गई है और यात्री रेलवे की वेबसाइट या आरक्षण केंद्रों के माध्यम से टिकट बुक करा सकते हैं।

विशाखापट्टनम और दिल्ली के बीच चलेंगी दो स्पेशल ट्रेनें

उत्तर-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि 08511/08512 विशाखापट्टनम-दिल्ली स्पेशल ट्रेन 22 मई को विशाखापट्टनम से रवाना होगी, जबकि वापसी में 25 मई को दिल्ली से चलेगी। इसके अलावा 08517/08518 विशाखापट्टनम-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन भी 22 मई को विशाखापट्टनम से और 25 मई को नई दिल्ली से संचालित की जाएगी।

रेलवे का कहना है कि दक्षिण भारत से उत्तर भारत आने वाले यात्रियों की संख्या गर्मियों में काफी बढ़ जाती है। ऐसे में इन स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी।

टाटानगर, रांची और हावड़ा रूट पर भी राहत

रेलवे ने झारखंड और पश्चिम बंगाल से दिल्ली आने वाले यात्रियों के लिए भी अतिरिक्त ट्रेनें घोषित की हैं। 08183/08184 टाटानगर-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल ट्रेन 23 मई को टाटानगर से और 25 मई को आनंद विहार से चलाई जाएगी।

इसी तरह 08639/08640 रांची-दिल्ली स्पेशल ट्रेन 23 मई को रांची से और 25 मई को दिल्ली से रवाना होगी। वहीं 08057/08058 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन 22 मई को हावड़ा से और वापसी में 25 मई को नई दिल्ली से संचालित होगी। इसके अलावा 03011/03012 हावड़ा-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल ट्रेन भी 22 मई को हावड़ा से तथा 25 मई को आनंद विहार से चलाई जाएगी।

यात्रियों से समय पर टिकट बुक कराने की अपील

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले समय पर आरक्षण करा लें और ट्रेन की लाइव स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही स्टेशन पहुंचे। अधिकारियों का कहना है कि छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है, इसलिए अंतिम समय तक इंतजार करने पर टिकट मिलने में परेशानी हो सकती है।

गोविंदपुरी स्टेशन होकर इन स्पेशल ट्रेनों के गुजरने से कानपुर मंडल के हजारों यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे दिल्ली, आनंद विहार और पूर्वी भारत के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।