15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कानपुर में आवारा कुत्तों का आतंक, 5 साल की बच्ची नोच खाया, डेढ़ साल के बच्चे की हालत गंभीर

कानपुर में मम्मी-पापा के बगल में सो रहे भाई-बहन को आवारा कुत्ते उठा ले गए। चीख-पुकार सुनकर मम्मी पापा की आंखें खुली तो बचाने दौड़े। लेकिन आवारा कुत्ते उन पर भी हमलावर हो गए। माता-पिता के सामने बेटी को नोच खाया।

2 min read
Google source verification

उत्तर प्रदेश के कानपुर में आवारा कुत्तों के हमले से 5 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। जबकि डेढ़ साल के भाई की हालत गंभीर बनी है। जिसे उपचार के लिए हैलेट में भर्ती कराया गया है। घटना के समय भाई-बहन अपने माता-पिता के साथ सो रहे थे। रात में आवारा कुत्ते दोनों को खींच ले गए। शोर शराबा सुनकर लोगों की आंखें खुली तो खौफनाक दृश्य सामने था। कुत्ते इतने खूंखार थे कि भगाने से भी नहीं भाग रहे थे। मोहल्ले वालों ने लाठी डंडे से जब हमला किया। तो भाग खड़े हुए। घटना के बाद लोगों में आक्रोश है और उन्होंने सड़क पर जाम लगा दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस और एसीपी बाबू पुरवा ने लोगों को समझने का प्रयास किया। घटना गोविंद नगर थाना क्षेत्र के दादा नगर पल के नीचे का है।

यह भी पढ़ें: सांसद साक्षी महाराज का विवादित बयान, बोले- ‘4 बीवी 40 बच्चे’ नहीं चलेगा, बनेगा जनसंख्या नियंत्रण कानून

दादा नगर पुल के नीचे कबाड़ बिनने वाले छोटू-पूजा अपने बच्चों के साथ रहते हैं। बीती रात 5 साल की खुशी और डेढ़ साल का भोला के साथ सो रहे थे। आवारा कुत्ते रात में दोनों को खींच ले गए। चीख-पुकार सुनकर छोटू-पूजा की आंखें खुली तो परेशान हो गए। मां पूजा बच्चों को बचाने के लिए आगे आई। लेकिन खूंखार कुत्ते नहीं भागे। मोहल्ले वालों को भी बुलाया गया। लाठी डंडों से साथ आए मोहल्ले वालों ने किसी प्रकार कुत्तों को भगाया।

डॉक्टर ने मृत घोषित किया

दोनों को लेकर प्राइवेट अस्पताल गए। जहां डॉक्टर ने खुशी को मृत घोषित कर दिया। जबकि भोला को उपचार के लिए हैलट में भर्ती कराया गया। घटना के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त है। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। मोहल्ले वालों का कहना था कि कई बार शिकायत की गई। लेकिन नगर निगम कोई सुनवाई नहीं करता है। महापौर प्रमिला पांडे के प्रति लोगों में आक्रोश दिखाई पड़ा।

क्या कहते हैं एसीपी बाबू पुरवा?

गोविंद नगर थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा मयफोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। परिजनों से बातचीत की। एसीपी बाबू पुरवा अमरनाथ यादव भी मौके पर पहुंचे। सड़क पर बैठे आक्रोशित लोगों को समझने का प्रयास किया। मुआवजे का आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने जाम हटाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।