हिण्डौनसिटी.कृषि उपज मंडी में लगे सीसी टीवी कैमरे बंद पड़े हैं। इससे मंडी यार्ड में किसानों की जिंसों व व्यापारियों की दुकानों की तीसरी नजर से निगरानी नहीं हो पा रही है। ऐसे में रात में मंडी परिसर में चौकीदारों के गच्चा देकर समाजकंटक चोरी की वारदात को बेखौफ अंजाम दे जाते हैं। दो दिन पहले एक रात में 6 दुकानों के ताले तोडऩे की वारदात के लिए घुसे चोर की आवाजाही कैमरे ठप होने से रिकॉर्ड नहीं हो सकी।
कृषि उपज मंडी परिसर में चौकीदारों के अलावा चौबीसों घंटे चप्पे-चप्पे की निगरानी के लिए मंडी समिति ने सीसी टीवी कैमरे लगवाए हुए हैं। मंडी के मुख्य द्वार से लेकर यार्ड के ए, बी व सी तीनों ब्लॉकों में दो वर्ष पहले करीब 9 लाख रुपए की लागत से 45 सीसी टीवी कैमरे लगवाए थे। त्वतिर निगरानी के लिए कैमरों को कंट्रोल रूप रूप में मंडी सचिव के कक्ष में स्थापित किया हुआ है। समुचित रखरखाब नहीं होने से कुछ माह बाद ही सीसी टीवी कैमरे बंद हो गए। कईयों बार मरम्मत कराने के बाद भी कैमरे सुचारू नहीं हो सके हैं। व्यापारियों ने रोष जताया है कि मंडी यार्ड में चोरी की घटना होने पर फुटेज देखने के लिए सीसी टीवी कैमरे आमतौर पर खराब मिलते हैं। करीब छह माह पहले हुई चोरी कीे एक घटना के समय भी कैमरे बंद पड़े थे।
कटी पड़ी है केबिलें-
मंडी समिति कार्मिकों के अनुसार सीसी टीवी कैमरों के केबिलें पेड़ों के बीच से निकल रही है। जिन्हेे गिलहरियों द्वारा कुतर कर क्षतिग्रस्त किया हुआ है। कई स्थानों पर ज्यादा कुतरने से केबिल टूट गई है। मरम्मत कराने के कुछ दिन बाद कुछ दिन बाद केबिल कटने से कैमरे बंद हो जाते हैं।
करौली व टोडाभीम में भी खराब-
हिण्डौन कृषि उपज मंडी के अधीन संचालित जिले की करौली व टोडाभीम की गौण मंडी में ही सीसी टीवी कैमरे नहीं चल रहे हैं। मंडी सूत्रों के अनुसार हिण्डौन मंडी में कैमरे लगवाने के दौरान करौली व टोडाभीम मंडी यार्ड में 7-7 कैमरे लगाए गए थे। नियमित रखरखाब के अभाव में जिले की तीनों मंडियों में तीसरी आंख बंद है।
इनका कहना है-
केबिल और कैमरों की मरम्मत करा जल्द ही मंडी में सीसी टीवी कैमरों से चालू कराया जाएगा।
राजेश कर्दम, सचिव,
कृषि उपज मंडी, हिण्डौनसिटी.