No video available
हिण्डौनसिटी. जिला चिकित्सालय की बाउंड्री बॉल से सटी मेडिकल स्टोरों के बीच आयुर्वेद दवा की दुकान में आग लग गई। बंद दुकान में आग इतनी प्रचंड थी, कि चंद मिनट में दमकल आने के बावजूद काबू पाने से पहले ही लाखों रुपए की दवाएं व अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि पास की दुकानों को चपेट में लेने से पहले आग पर काबू पा लिया गया। आग से आयुर्वेदिक दवा की दुकान में साढ़े पांच लाख रुपए की दवाओं सहित 7 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। रूप कॉलोनी निवासी अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि उसकी जिला चिकित्सालय के सामने आश्रय स्थल की बगल में मेडिकल स्टोर बिंग में आयुर्वेदिक दवाओं की दुकान है। रविवार रात को करीब 9.15 बजे वह आम दिनों की भांति दुकान बंद कर घर गया था। इस दौरान पीछे से अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। बंद दुकान से धुंआ देख आस-पास के लोग चौंक गए और मौके पर पहुंचे। दुकान के अंदर आग लगने का पता चलने पर लोगों ने उसे व नगर परिषद में फायर ब्रिगेट टीम को सूचना दी। मौके पर जमा लोगों के सहयोग से दुकान की शटर को ऊंचा किया तो अंदर फर्नीचर और रैकों में रखी दवाओं से लपटें उठ रही थी। दमकल कर्मियों ने करीब आधा घंटा की मशक्कत से आग पर काबू पाया। आग के बुझा पाने से पहले ही उसमें रखी दवाएं व अन्य सामान स्वाह हो गया। सूचना पर रात को गश्त कर रहे कोतवाली थाना के एएसआई दिनेश चंद ने मौके पर पहुुंच आग से नुकसान व कारण के बारे में पूछताछ की। पीड़ित दुकानदार अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि दुकान में विद्युत सर्किट के सुरक्षित मिलने से आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। सोमवार को तहसील कार्यालय के शहर पटवारी लक्ष्मण सैनी ने आग से हुए नुकसान का मौका मुआयना किया। पटवारी ने बताया कि मौका स्थिति व दवाओं की खरीद-बेचान के रेकॉर्ड के अनुसार करीब 6 लाख रुपए की दवाएं व एक लाख 85 हजार रुपए की कीमत का फर्नीचर, रेफ्रिजरेटर व अन्य सामान जलने का आंकलन किया गया है।
मौके पर एकत्र हुए दुकानदार
आयुर्वेदिक दवा की दुकान में आग लगने की सूचना पर सटी हुई मेडिकल स्टोरों के संचालक रात में ही मौके पर पहुंच गए। और स्वयं की दुकानों की सुरक्षा देखी। साथ ही आयुर्वेदिक दवा की दुकान में लगी आग को काबू पाने में जुट गए। गौरतलब है कि आयुर्वेदिक दवा की दुकान के दोनों तरफ सीढिय़ां होने से अन्य दुकानों में आग से नुकसान नहीं हुआ।
झटपट पहुंची दमकल, बाहर निकाले गैैस सिलेण्डर
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दवा दुकान में आग लगने से सूचना नगर परिषद से दमकल वाहन चंद मिनट में मौके पर पहुंच गए। दमकलकर्मी जयसिंह डागुर, दिनेश रामवीर आग बुझाने में जुट गए। इस दौरान दुकानदार ने अंदर दो रसोई गैस सिलेण्डर रखने होने के बारे में बताया। इस पर दमकलकर्मियों ने आग कुछ काबू पाने के बाद दुकान से सिलेण्डरों को बाहर निकाल।