
Blind murder case solved
कटनी. स्लीमनाबाद में श्मशानघाट के पास की गई युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने गुरुवार को प्रकरण का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। युवक की हत्या उसकी पत्नी के आशिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर की थी। वारदात में शामिल स्लीमनाबाद के युवक को भी गिरफ्तार किया गया है।
एसपी अभिजीत रंजन ने बताया कि 1 नवंबर को थाना स्लीमनाबाद क्षेत्र के घुघरी रोड की ततैया के पास मरघटाई में एक अज्ञात युवक अर्धनग्न अवस्था में मिला था। युवक की हत्या पत्थर मारकर की गई थी। अज्ञात मृतक की पहचान एवं घटना करने वाले आरोपियों को पकडऩे के लिए एसडीओपी स्लीमनाबाद अखिलेश गौर के नेतृत्व में एक विवेचना टीम का गठन किया जिसमें थाना स्लीमनाबाद प्रभारी अखिलेश दहिया, उमरिया पान थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सिद्धार्थ राय एवं बाकल थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल यादव के साथ साइबर सेल से प्रशांत कुमार को अलग-अलग टीमों में शामिल किया गया। विवेचना के दौरान मृतक की शिनाख्त संदीप यादव पिता महेन्द्र प्रताप यादव (30) निवासी प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश के रूप में हुई जो वर्तमान में जौनपुर में रहता था जहां इसकी ऑटोपाट्र्स की दुकान थी जिसमे यह गाड़ी सुधारने का काम करता था। मामले में आरोपी दीपक यादव (27), विधि उल्लंघनकारी बालक, आनंद यादव (24) सभी निवासी जिला जौनपुर उप्र, अभिषेक यादव (25) निवासी घुघरी स्लीमनाबाद को गिरफ्तार किया गया है जबकि एक अन्य आरोपी सत्येन्द्र यादव (30) अभी फरार है।
इसलिए हुई हत्या, मैहर के बहाने लाए कटनी
घटनाक्रम का मास्टरमाइंड दीपक यादव है जो मृतक संदीप का खास दोस्त भी था। इसका मृतक की पत्नी से विगत एक दो सालों से अवैध संबंध थे। संदीप यादव को यह बात पता चल गई थी साथ ही मृतक संदीप अपनी पत्नी को प्रताडि़त करता था। इसपर दीपक ने अपने दोस्त सत्येन्द्र के साथ मिलकर संदीप को मारने की योजना बनाई। कटनी आकर रैकी की और घुघरी निवासी चचेरे भाई अभिषेक यादव व विधि उल्लंघनकारी बालक को भी इसमें शामिल कर लिया। दिवाली के दिन दीपक यादव ने मृतक संदीप को मैहर घूमने के बहाने लाने का प्लान बनाया और कटनी पहुंचे। संदीप को जमकर शराब पिलाई और हत्या कर शव फेंक दिया। अभिषेक यादव की मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकाल कर मृतक को झाड़ी के पास लेटा कर कपड़े हटाकर उसके ऊपर पेट्रोल छिडक दिया और आग लगा दी ताकि उसकी पहचान छुपाई जा सके आग लगाकर सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
ऐसे पकड़े गए आरोपी
जानकारी के अनुसार इस हत्याकांड में खुलासे में साइबर सेल की भूमिका महत्वपूर्ण रही। टावर लोकेशन के आधार पर सबसे पहले पुलिस हत्या में शामिल अभिषेक यादव (25) निवासी घुघरी स्लीमनाबाद तक पहुंची और उसे गिरफ्त में लिया। पूछताछ में अभिषेक ने हत्या में शामिल होना कबूल लिया और अन्य आरोपियों का ठिकाना भी पुलिस को बता दिया, जिसके बाद एक-एक कर कडिय़ां जुड़ती गई और आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ गए।
Updated on:
8 Nov 2024, 8:34 PM IST
Published on:
8 Nov 2024, 8:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.